Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के शिविर के बाद सामने आया दर्द

By
On:

खबरवाणी

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के शिविर के बाद सामने आया दर्द

प्रधानमंत्री आवास से वंचित हितग्राही ने कलेक्टर की गाड़ी के सामने बैठकर सुनाई समस्या

भैंसदेही। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत शुक्रवार को भैंसदेही जनपद पंचायत एवं नगर परिषद क्षेत्र के लिए शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीण एवं नगर क्षेत्र से पहुंचे लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। शिविर समाप्त होने के बाद उस समय स्थिति गंभीर हो गई, जब प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित एक हितग्राही अपनी समस्या कलेक्टर तक पहुंचाने के लिए उनकी गाड़ी के सामने बैठ गया।

हितग्राही का कहना था कि वह प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित है और लंबे समय से आवास की मांग को लेकर अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है। शिविर में भी अपनी समस्या रखने के बावजूद जब उसे अपेक्षित समाधान नहीं मिला तो उसने कलेक्टर की गाड़ी के सामने बैठकर अपनी बात रखने का प्रयास किया।

मौके पर मौजूद लोगों के बीच भी इस घटना को लेकर चर्चा होती रही। सवाल यह उठ रहा है कि यदि जन-विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविरों में भी जरूरतमंद हितग्राहियों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है, तो ऐसे शिविरों का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक कैसे पहुंचेगा?

हितग्राही की समस्या सुनने के बाद प्रशासनिक स्तर पर क्या कार्रवाई की जाती है और उसे प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ कब तक मिल पाएगा, यह आने वाला समय बताएगा। हालांकि घटना ने प्रशासन के सामने यह सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने की व्यवस्था में आखिर कहां कमी रह रही है।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News