खबरवाणी
स्व. डीएन वर्मा की स्मृति में मेधावी विद्यार्थियों को मिला प्रोत्साहन
न्यू बैतूल उ.न. विद्यालय में विद्यार्थियों को चेक एवं वरिष्ठ शिक्षकों का शाल-श्रीफल से सम्मान
बैतूल। स्थानीय न्यू बैतूल उ.न. विद्यालय बैतूल में विगत कई वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत स्वर्गीय डीएन वर्मा की स्मृति में मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया। विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कक्षा 9वीं से 12वीं तक सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 5 हजार रुपए की राशि का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षकों को शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वर्मा परिवार की ओर से अभय वर्मा एवं हेमंत वर्मा सहित विद्यालय के प्राचार्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने शिक्षा के साथ-साथ समय प्रबंधन, अनुशासन और निर्धारित लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों से कहा गया कि सफलता केवल अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवन में अनुशासन और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
इन विद्यार्थियों ने प्राप्त किए सर्वाधिक अंक
कार्यक्रम में कक्षा 9वीं में निखिल उईके ने 496 अंक, कक्षा 10वीं में हिमांशु सोनी ने 418 अंक तथा कक्षा 11वीं जीवविज्ञान समूह में कुमारी शिवानी उईके ने 415 अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया। इन विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपए की राशि का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ शिक्षकों का भी सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षकों संदीप कौशिक, मनीष सरसोदे, अजय शुक्ला, श्रीमती सरिता मिश्रा एवं श्रीमती वीणा पांडे को शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन संदीप कौशिक ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने, अनुशासन बनाए रखने और अपने लक्ष्य को निर्धारित कर उसके लिए निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में अजय शुक्ला ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के व्याख्याता नवनीत साहू, रमेश जोगी, हरीश दवंडे, पुरुषोत्तम शुक्ला, कविता कनेरकर, अश्विनी महाले, स्नेहा स्वाध, संध्या अडलक सहित शालेय विद्यार्थी एवं विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।




