खबरवाणी
दूनावा में केबल चोरों का आतंक, एक ही दिन दो ट्यूबवेलों पर वार
मुरली साहू के खेत से 400 फीट केबल चोरी, पंचायत का ट्यूबवेल भी नहीं बचा; पहले भी हो चुकी हैं वारदातें, पुलिस की निगरानी पर सवाल
दूनावा। क्षेत्र में केबल चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को चोरों ने एक ही दिन में दो अलग-अलग स्थानों पर ट्यूबवेलों की केबल चोरी कर दी। किसान मुरली साहू के खेत में लगे ट्यूबवेल से करीब 400 फीट केबल चोरी हुई, वहीं दूनावा पंचायत के ट्यूबवेल से भी केबल काटकर ले जाने की घटना सामने आई है।
पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं, फिर भी नहीं चेती पुलिस
क्षेत्र में ट्यूबवेलों से केबल चोरी की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद चोरी की वारदातों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाने से पुलिस की कार्यप्रणाली और रात्रि गश्त पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों और सुनसान इलाकों में पर्याप्त निगरानी नहीं होने का फायदा चोर उठा रहे हैं।
एक ही दिन में दो ट्यूबवेलों को निशाना बनाए जाने से किसानों में नाराजगी है। चोरों के लगातार सक्रिय रहने के बावजूद यदि पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था मजबूत नहीं की गई तो आने वाले दिनों में चोरी की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, पूर्व में हुई घटनाओं की जांच तेज करने और केबल चोरों को पकड़कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।




