खबरवाणी
अवैध सागौन परिवहन करते टाटा 407 पकड़ा, 81 नग काष्ठ जब्त
वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपी गिरफ्तार, एक मौके से फरार
भौंरा। पश्चिम वनमंडल के सांवलीगढ़ एवं भौंरा वन परिक्षेत्र की संयुक्त टीम ने गुरुवार देर रात मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए ग्राम बानाबेहड़ा के समीप सागौन काष्ठ का अवैध परिवहन कर रहे टाटा 407 वाहन को पकड़ा। वन अमले ने वाहन की घेराबंदी कर उसमें लदी सागौन काष्ठ जब्त की। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका एक अन्य साथी मौके से फरार हो गया। वन विभाग के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि टाटा 407 वाहन में सागौन काष्ठ का अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर सांवलीगढ़ एवं भौंरा परिक्षेत्र के वन अमले ने ग्राम बानाबेहड़ा के समीप संबंधित बीट में घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध टाटा 407 को रोककर उसकी तलाशी ली गई। वाहन में सागौन के 81 नग काष्ठ, जिसकी कुल मात्रा 2.811 घन मीटर बताई गई है, बरामद हुई। वन विभाग ने काष्ठ सहित वाहन को जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान गौरव नायक पिता रमेश नायक, उम्र 33 वर्ष, निवासी ढोड़रामऊ को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश के लिए वन विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
मामले में वन विभाग ने वन अपराध प्रकरण क्रमांक 179/31 दर्ज कर लिया है। जब्त सागौन काष्ठ के स्रोत, परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेजों तथा इस अवैध परिवहन में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जांच की जा रही है। संयुक्त कार्रवाई में भौंरा परिक्षेत्र अधिकारी बृजेंद्र तिवारी, परिक्षेत्र सहायक भौंरा मूलशंकर परते, परिक्षेत्र सहायक डाबरी धनाराम धुर्वे, बीट गार्ड शंभू भारती, नवल सिंह गुर्जर, सौरव सिरोठिया एवं संजीत धुर्वे सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल रहे। वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से सागौन काष्ठ के परिवहन में लगे लोगों में हड़कंप की स्थिति है।




