खबरवाणी
अवैध शराब के भंडारण पर सारनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
करीब एक लाख रुपए कीमत की 149 लीटर 160 एमएल शराब जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
खबर वाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। अवैध एवं जहरीली शराब के विक्रय, भंडारण और संग्रहण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सारनी पुलिस ने ग्राम छतरपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक लाख रुपए कीमत की 149 लीटर 160 एमएल शराब जब्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार 11 सितंबर 2026 को ग्राम छतरपुर में कार्रवाई के दौरान आरोपी कुड्डो पति भूरे धुर्वे, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम छतरपुर के कब्जे से विभिन्न कंपनियों की अंग्रेजी एवं देशी शराब बरामद की गई। जब्त शराब में बोल्ट कंपनी की 3 पेटी बीयर, लेमाउन्ट कंपनी की 4 पेटी बीयर, ऑफिसर्स च्वाइस व्हिस्की की 4 पेटी, बैगपाइपर व्हिस्की की 2 पेटी तथा सफेद देशी प्लेन मदिरा की 3 पेटी शामिल हैं। जब्त शराब की कुल मात्रा 149 लीटर 160 एमएल तथा अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 325/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी मुकेश पिता बलमू धुर्वे निवासी ग्राम छतरपुर सफेद रंग की स्कॉर्पियो से मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, उपनिरीक्षक मनोज कुमार उईके, सउनि शिवपाल इरपाचे, प्रधान आरक्षक मनोज डेहरिया, आरक्षक राकेश करपे, रविमोहन, देवा धुर्वे एवं सैनिक सुभाष रघुवंशी की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन ने आमजन से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, विक्रय एवं भंडारण की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखकर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




