Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

सीएमडी डॉ. हेमंत शरद पांडे ने किया पाथाखेड़ा क्षेत्र का दौरा, खदान, अस्पताल और विद्यालय का किया निरीक्षण

By
On:

खबरवाणी

सीएमडी डॉ. हेमंत शरद पांडे ने किया पाथाखेड़ा क्षेत्र का दौरा, खदान, अस्पताल और विद्यालय का किया निरीक्षण

 

खबरवाणी न्यूज़ | रफीक

 

सारनी। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे ने 18 अगस्त 2026 को पाथाखेड़ा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय चिकित्सालय, छतरपुर-1 भूमिगत खदान और वेकोलि एजुकेशन सोसाइटी द्वारा संचालित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

दौरे की शुरुआत क्षेत्रीय चिकित्सालय के निरीक्षण से हुई। सीएमडी ने चिकित्सालय के मेल वार्ड, फीमेल वार्ड, ओपीडी, फार्मेसी, एक्स-रे मशीन और लैब सहित विभिन्न विभागों का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए लैब रिपोर्ट मरीजों को शीघ्र उपलब्ध कराने के लिए लैब को अपडेट करने के निर्देश दिए। इसके बाद क्षेत्रीय चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. प्रसाद एवं चिकित्सकीय टीम के साथ बैठक कर अस्पताल से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

 

इसके पश्चात सीएमडी ने छतरपुर-1 भूमिगत खदान में सुरक्षित प्रवेश-निकास, वास्तविक समय निगरानी एवं कर्मचारियों की उपस्थिति प्रबंधन के लिए स्थापित AI आधारित स्मार्ट गेट का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ठेका श्रमिकों को संबोधित करते हुए सुरक्षा, कार्य के प्रति समर्पण और बेहतर प्रदर्शन के लिए मार्गदर्शन दिया।

 

दौरे के दौरान सीएमडी ने पाथाखेड़ा क्षेत्र स्थित वेकोलि एजुकेशन सोसाइटी द्वारा संचालित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित कर उनका हौसला बढ़ाया। विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्होंने उन्हें शिक्षा के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

 

डॉ. पांडे ने विद्यालय को आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा भवन के जीर्णोद्धार के लिए क्षेत्रीय प्रबंधन को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया।

 

सीएमडी के पाथाखेड़ा आगमन पर क्षेत्रीय महाप्रबंधक जे.के. गुप्ता ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर अनिल नायर, सीएमडी के तकनीकी सचिव, मुख्यालय से आए महाप्रबंधकगण, क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी, कल्याण मंडल सदस्य, क्षेत्रीय श्रम संघ एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News