खबरवाणी
बिम्ट्स महाविद्यालय की प्राध्यापक डॉ. शीतल पाटीदार ने चिकित्सा सूक्ष्मजीव विज्ञान पर लिखी पुस्तक, चिकित्सा शिक्षा जगत को मिला नया संदर्भ ग्रंथ
बुरहानपुर। प्रो. बृजमोहन मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड टेक्निकल साइंसेस, बुरहानपुर की सूक्ष्मजीव विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. शीतल के. पाटीदार ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए चिकित्सा सूक्ष्मजीव विज्ञान एवं संक्रामक रोगों पर आधारित एक महत्वपूर्ण पुस्तक का लेखन किया है। वर्ष 2026 में प्रकाशित यह पुस्तक चिकित्सा विद्यार्थियों, प्रशिक्षु चिकित्सकों तथा शोधार्थियों के लिए एक उपयोगी अध्ययन सामग्री के रूप में तैयार की गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह पुस्तक चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण संदर्भ ग्रंथ सिद्ध होगी।
डॉ. शीतल पाटीदार ने श्री शिवाजी महाविद्यालय, अकोला से स्नातकोत्तर, एम.फिल. तथा डॉक्टरेट की उपाधियाँ प्राप्त की हैं। उनका शोध कार्य ताप्ती नदी के जल गुणवत्ता सूचकांक एवं सूक्ष्म जैव विविधता पर आधारित रहा है। 21 वर्षों से अधिक के शिक्षण एवं शोध अनुभव के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में अनेक शोध-पत्र प्रकाशित किए हैं तथा चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
पुस्तक में चिकित्सा सूक्ष्मजीव विज्ञान के मूल सिद्धांतों के साथ संक्रामक रोगों की पहचान, संक्रमण की प्रक्रिया, प्रयोगशाला परीक्षण, रोगों की रोकथाम एवं उपचार संबंधी विषयों को सरल, वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत किया गया है। इसकी भाषा और प्रस्तुतीकरण विद्यार्थियों की आवश्यकता को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिससे जटिल विषयों को भी सहजता से समझा जा सके।
संस्थान की संचालक श्रीमती राखी मिश्रा, अमित मिश्रा, अनिल जैन एवं प्रियम्वदा मिश्रा ने डॉ. शीतल पाटीदार को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह पुस्तक चिकित्सा विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं शोधकर्ताओं के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी तथा संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता को नई पहचान प्रदान करेगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य सैयद आसिफ अली एवं डॉ. जैनुद्दीन अली ने भी डॉ. शीतल पाटीदार को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि संस्थान के प्राध्यापकों द्वारा किए जा रहे ऐसे शोधपरक एवं शैक्षणिक कार्य महाविद्यालय की प्रतिष्ठा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाते हैं और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
डॉ. शीतल पाटीदार की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।





