खबरवाणी
पेपर लीक पर भड़का आक्रोश, सारनी में कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। नीट सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सारनी द्वारा जोरदार प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग के साथ कांग्रेस नेता राहुल गांधी की गिरफ्तारी का भी विरोध दर्ज कराया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि देशभर में आयोजित होने वाली महत्वपूर्ण परीक्षाओं, विशेषकर नीट जैसी परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक और अन्य गड़बड़ियों के सामने आने से विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लाखों छात्र वर्षों तक कठिन परिश्रम कर इन परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन जब परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर ही प्रश्नचिन्ह लग जाता है, तो यह उनके भविष्य के साथ अन्याय के समान है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि इन घटनाओं के कारण कई छात्र मानसिक तनाव में आ रहे हैं और कुछ मामलों में आत्मघाती कदम उठाने की घटनाएं भी सामने आई हैं, जो अत्यंत चिंताजनक है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह केवल परीक्षा प्रणाली की विफलता नहीं, बल्कि देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर आघात है।
कार्यकर्ताओं ने मांग की कि नीट सहित सभी पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कर दोषियों को कठोर दंड दिया जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षित एवं तकनीकी रूप से मजबूत परीक्षा प्रणाली लागू की जाए। परीक्षा एवं परिणाम से संबंधित शिकायतों के निराकरण हेतु स्वतंत्र और प्रभावी तंत्र स्थापित करने की भी मांग रखी गई।
इसके अतिरिक्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देने की मांग की। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी की गिरफ्तारी को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए इसका विरोध भी जताया गया।
इस अवसर पर बटेश्वर भारती, तिरुपति अरोलू, सुरेश पांड्या, राफे बख्श, एस.के. उपरीत, सन्नी अरोलू, मंडलम अध्यक्ष हेमंत धोटे, गोविंदा अरोलू, गौतम नागले, माया वर्मा, अनीता बेलवंशी, लक्ष्मी गोह, ममता साहू, शोभा दत्ता, रोहित भारती, विपिन कुशवाहा, भोला कांति, रुखसाना बानो, संगीता मरकाम, चंद्र सोनिकर, मेनका हीरा, मुमताज बानो, मुन्नी बिहार, अनवरी बानो, संजू बाई, पिंकी गोह, सतीश सेन, संदीप मस्की, सुनील भलावी, शेख अप्पू, किरण झारबड़े, जोजफ जॉन, मनी सुब्रह्मण्य, दीपक ठाकरे, मिलिंद थोरात, प्रकाश मालवी, मोहम्मद ताहिर, प्रदीप नागले, मनोज ठाकुर, हरि प्रसाद हटिया, विजय घाटे, विष्णु भारती, दीनू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





