खबरवाणी
आठनेर थाना क्षेत्र में रोज 20 लाख के जुए का आरोप, पुलिस पर उठे सवाल
बैतूल। आठनेर थाना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जुए के संचालन का आरोप सामने आया है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार धनौरी-मांडवी के पास कल्लू झल्लार, बडोरा के अमित ढाबे वाला, गंज बैतूल के दीपक तथा भैंसदेही में प्रतीक के साथ मिलकर जुए का नेटवर्क संचालित होने की चर्चा है।
सूत्रों का कहना है कि आठनेर क्षेत्र में नागले कोलगांव, राहुल टकला आठनेर और सुरेश लाला हिडली के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों पर जुए की फड़ संचालित की जा रही है। आरोप है कि आठनेर थाना क्षेत्र के भीतर प्रतिदिन लगभग 20 लाख रुपये तक का जुआ खेला जा रहा है।
हालांकि पुलिस समय-समय पर जुए के खिलाफ कार्रवाई करती रही है, लेकिन इतने बड़े स्तर पर संचालित होने वाली कथित जुए की फड़ अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर कैसे है, इसे लेकर स्थानीय लोगों में सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार जुए में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को अलग-अलग स्थानों से लाया जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि पुलिस एक बार ठोस सूचना के आधार पर दबिश दे, तो इस पूरे जुए के नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।





