खबरवाणी
जिओ नेटवर्क से उपभोक्ता परेशान, पोर्ट कराने की तैयारी
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी । शहर में जिओ नेटवर्क की समस्या लगातार गहराती जा रही है, जिससे उपभोक्ता खासे परेशान नजर आ रहे हैं। एक समय फ्री डाटा और बेहतर कॉलिंग सुविधा के कारण लोकप्रिय हुआ जिओ अब अपने ही उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बनता दिख रहा है।
सारणी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 30 के पार्षद पति ने बताया कि उनके निवास के आसपास, जो मुख्य सड़क पर स्थित है, लंबे समय से नेटवर्क की गंभीर समस्या बनी हुई है। कॉल ड्रॉप, इंटरनेट की धीमी गति हो जाने से दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
इसी तरह गणेश चौक क्षेत्र में भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले 7 से 8 दिनों से नेट समस्या से ऑनलाइन काम, बैंकिंग, पढ़ाई और जरूरी संपर्क में बाधा आ रही है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि जिओ पर अत्यधिक निर्भरता के चलते उन्हें अब ठगा सा महसूस हो रहा है। लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
स्थिति से परेशान होकर कई उपभोक्ता अब अपनी जिओ सिम को अन्य नेटवर्क में पोर्ट कराने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए अन्य कंपनियों ने ग्राहकों को लुभाने के लिए फ्री सेवा भी शुरू कर दिए है,लोगों ने कंपनी से जल्द से जल्द नेटवर्क सुधार की मांग की है, ताकि उन्हें इस परेशानी से राहत मिल सके।





