खबरवाणी
वृक्षारोपण नहीं, वृक्ष संरक्षण बने जनआंदोलन : ताप्ती सेवा समिति
बुरहानपुर। ताप्ती सेवा समिति, द्वारा ग्राम लोनी में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि आज केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें जीवित रखना और उनका संरक्षण करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि लगाए गए पौधों की देखभाल नहीं होगी तो वृक्षारोपण केवल औपचारिकता बनकर रह जाएगा।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष सरिता भगत ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति के साथ जुड़े त्योहार पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते थे, लेकिन आज वे केवल उत्सव और सेलिब्रेशन तक सीमित होते जा रहे हैं। आवश्यकता है कि हम प्रकृति के प्रति अपने दायित्व को फिर से समझें और उसे जीवन का हिस्सा बनाएं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान कल्याण सेवा मंच के अध्यक्ष भास्कर महाजन ने की। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण को रोजगार और आजीविका से जोड़ना होगा। ऐसे फलदार एवं आर्थिक रूप से उपयोगी वृक्ष, जैसे काजू सहित अन्य प्रजातियों का रोपण बढ़ाया जाए, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो। साथ ही छोटे स्तर पर जिस प्रकार लोग अपने घरों में बकरी एवं मुर्गी पालन कर अतिरिक्त आय अर्जित करते हैं, उसी प्रकार वृक्ष आधारित आजीविका को भी बढ़ावा दिया जाना चाहिए। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।
कार्यक्रम में ग्राम लोनी के स्कूल के प्राचार्य इमरान सर, संदीप चौहान सर एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर वृक्षारोपण किया तथा पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम अंत में उपस्थित समाजसेवीयो का सचिव धर्मेंद्र सोनी ने धन्यवाद व्यक्त किया।
इस अवसर पर ताप्ती सेवा समिति संरक्षक राजीव खेड़कर, उपाध्यक्ष अत्ताउल्लाह खान उपाध्यक्ष, मंसूर सेवक, कविता चौहान, राम कुमार अग्रवाल, विजय राठौड़, राजकुमार बच्छवानी, विनय पुनिवाला, रियाज उल हक अंसारी, राजीक अंसारी, विजय राठौर, सचिव धर्मेंद्र सोनी सचिन सोनगिकर, संजय चौधरी, राजेश भगत, डॉ. युसुफ खान सहित समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।





