Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

राष्ट्रीय खेल दिवस पर सारनी में खेलों का उत्साह, विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन

By
On:
खबरवाणी

राष्ट्रीय खेल दिवस पर सारनी में खेलों का उत्साह, विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन

खबरवाणी न्यूज़ | रफीक

सारनी। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर सारनी क्षेत्र में खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वीर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सरदार विष्णु सिंह उईके शासकीय महाविद्यालय, सारनी-बगडोना तथा नगर पालिका परिषद सारनी द्वारा रामरख्यानी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों और खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

महाविद्यालय परिसर में गोला फेंक, रस्साकसी एवं चेस प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने इन प्रतियोगिताओं में खेल भावना के साथ सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। गोला फेंक छात्रा वर्ग में महिमा सरयाम ने प्रथम तथा दिव्या उईके ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। छात्र वर्ग में अमन कश्यप प्रथम और सुजीत सोनी द्वितीय रहे। चेस प्रतियोगिता में ललित ने प्रथम तथा रूपांकर धर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रदीप पंद्राम ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक विकास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को मजबूत करते हैं। स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। इस अवसर पर खेलों के महत्व और मेजर ध्यानचंद के योगदान पर भी प्रकाश डाला गया।

वहीं नगर पालिका परिषद सारनी द्वारा रामरख्यानी स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय खेल आयोजन का समापन फुटबॉल एवं बैडमिंटन प्रतियोगिताओं के साथ हुआ। फुटबॉल के मुकाबले में सारनी ए टीम ने पाथाखेड़ा को 2-1 से हराया, जबकि सारनी जूनियर क्लब ने दूसरे मुकाबले में संयुक्त टीम को 3-0 से पराजित किया। फुटबॉल प्रतियोगिता में करीब 50 खिलाड़ियों ने भाग लिया।

बैडमिंटन प्रतियोगिता में लगभग 35 खिलाड़ियों ने सिंगल और डबल मुकाबलों में हिस्सा लिया। विजेता एवं उपविजेताओं को शील्ड और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे सहित जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना रहा।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News