खबरवाणी
अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार सुरक्षा संगठन की बैठक संपन्न,
पदाधिकारियों को सदस्यता बढ़ाने का लक्ष्य
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार सुरक्षा संगठन द्वारा नगर पालिका सारनी के सभागृह में संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। बैठक में संगठन को मजबूत करने और क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
जिला अध्यक्ष सतीश बौरासी ने बताया कि क्षेत्र के कई लोग संगठन की गतिविधियों और उसके लाभ से अभी भी अनभिज्ञ हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक पदाधिकारी को 50-50 नए सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग संगठन से जुड़ सकें और जरूरत पड़ने पर उन्हें सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य लोगों को उनके मौलिक एवं मानव अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने यह भी कहा कि संगठन एक परिवार की तरह कार्य करता है, जिसमें किसी एक सदस्य की समस्या पूरे संगठन की समस्या होती है और उसका समाधान प्राथमिकता से किया जाता है। संगठन द्वारा क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने और अन्याय व उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने का भी संकल्प लिया गया।
महिला जिला अध्यक्ष दीपिका बौरासी ने बताया कि सारनी क्षेत्र में बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए पाम्पलेट और सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान शुरू किया गया है। वहीं जिला प्रमुख सचिव विनोद कुमार कैथवार ने कहा कि बीएचईएल एवं उसकी सहयोगी कंपनियों में नए यूनिट शुरू होने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना है।
बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने स्थानीय युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए संबंधित कंपनियों से संपर्क बनाए रखने का निर्णय लिया। इस अवसर पर संगठन के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।





