Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

मंदिरों में चोरी का CCTV फुटेज आया सामने, अज्ञात चोर की तलाश तेज

By
On:
खबरवाणी

मंदिरों में चोरी का CCTV फुटेज आया सामने, अज्ञात चोर की तलाश तेज

आठनेर। नगर में लगातार मंदिरों को निशाना बना रहे चोर गिरोह की तलाश में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात बस स्टैंड के समीप स्थित नामदेव मंदिर में हुई चोरी का CCTV फुटेज पुलिस के हाथ लगा है। फुटेज में एक अज्ञात युवक मंदिर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देता हुआ स्पष्ट दिखाई दे रहा है।

जांच अधिकारी मांगीलाल ठाकरे ने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर आरोपी का स्केच भी तैयार कराया जाएगा। पुलिस तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से फुटेज का बारीकी से विश्लेषण कर रही है, ताकि आरोपी और उसके गिरोह तक जल्द पहुंचा जा सके।

एसडीओपी भूपेंद्र मौर्य ने बताया कि हाल के दिनों में बेतूल रोड स्थित नागदेव मंदिर तथा मुलताई रोड स्थित विकास नगर के ओंकारेश्वर मंदिर में भी दान पेटी, अलमारी और अन्य कीमती सामान चोरी होने की घटनाएं सामने आई हैं। प्रारंभिक जांच में सभी वारदातों का तरीका एक जैसा पाया गया है, जिससे एक ही चोर गिरोह के सक्रिय होने की आशंका है।

इससे पहले भी गुप्तेश्वर मंदिर और ओंकारेश्वर मंदिर में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार मंदिरों को निशाना बनाए जाने से नगरवासियों में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी, रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। अधिकारियों का दावा है कि मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार जांच में जुटी हुई हैं।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News