खबरवाणी
आंगनबाड़ी के नन्हे बच्चों का प्राथमिक शाला में एक्सपोजर विजिट
खेल-खेल में जाना विद्यालय का माहौल
बैतूल। एकीकृत बाल विकास परियोजना बैतूल ग्रामीण के अंतर्गत सेक्टर बैतूल-2 के आंगनबाड़ी केंद्र कोसमी-01 के बच्चों का प्राथमिक शाला कोसमी में एक्सपोजर विजिट कराया गया। इस दौरान बच्चों ने विद्यालय की कक्षाओं, खेल मैदान एवं अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा विद्यालय के बच्चों के साथ विभिन्न खेलों और गतिविधियों में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने गीत, कविता एवं कहानियां प्रस्तुत कीं। खेल-खेल में आयोजित गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में विद्यालय के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास विकसित हुआ। इस पहल का उद्देश्य आंगनबाड़ी से प्राथमिक विद्यालय में बच्चों के प्रवेश को सहज, आनंददायक और आकर्षक बनाना है।
क्षेत्रीय पर्यवेक्षक श्रीमती अर्चना तिवारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार तीन से छह वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को वर्ष में दो बार प्राथमिक विद्यालयों का एक्सपोजर विजिट कराया जाता है। इस अवसर पर ग्राम पंचायत टेमनी की सरपंच सुशील वाघमारे, प्रधान पाठक श्रीमती ज्योति पवार, कविता खातरकर, प्राथमिक शाला कोसमी की शिक्षिकाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका सरिता सिरसाम तथा बच्चों के अभिभावक भी उपस्थित रहे।
—-कढ़ाई आंगनवाड़ी के बच्चों ने देखी विद्यालय की कक्षा —
एकीकृत बाल विकास परियोजना बैतूल ग्रामीण के सेक्टर बैतूल-2 अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र कढ़ाई के बच्चों को प्राथमिक शाला कढ़ाई का एक्सपोजर विजिट कराया गया। भ्रमण के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ने बच्चों को विद्यालय की कक्षाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं से परिचित कराया। बच्चों ने स्कूल के विद्यार्थियों के साथ खेलकूद गतिविधियों में भाग लिया तथा कविता, कहानी और नृत्य प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान बच्चों में विद्यालय के प्रति उत्साह और सीखने की जिज्ञासा देखने को मिली। कार्यक्रम में प्राथमिक शाला कढ़ाई की शिक्षिका श्रीमती उषा पटेल एवं ज्योति दवंडे, पंचायत की पंच मधुबाला लिखितकर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती फूलमत दोबारे, सहायिका उमेदी वाडीवा तथा बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे।
—बच्चों ने शिक्षको से संवाद किया—
इसी प्रकार एकीकृत बाल विकास परियोजना के अंतर्गत ग्राम सात इमली ढाना के आंगनबाड़ी केंद्र डूडा बोरगांव-2 के बच्चों को सोमवार को प्राथमिक शाला का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।
भ्रमण के दौरान बच्चों ने विद्यालय की कक्षाओं, खेल मैदान, पुस्तकालय, प्रार्थना स्थल सहित अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का अवलोकन किया। बच्चों ने विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से संवाद कर स्कूल की दैनिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की तथा खेल-खेल में आयोजित विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती अर्चना तिवारी के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती तुलसी मोरले, सहायिका बीता धुर्वे, शिक्षक संतोष राने, शिक्षिका श्रीमती रुक्मणी पवार, रसोईया श्रीमती गुलपति बाई सहित ग्राम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।





