खबरवाणी
फर्जी लिंक भेजकर मोबाइल हैक करने की कोशिश, बैतूल के पत्रकार ने एसपी से की साइबर जांच की मांग
रिपोर्ट प्रदीप यादव
व्हाट्सएप पर संदिग्ध APK लिंक भेजने और फर्जी शिकायतों के जरिए बदनाम करने का आरोप, पुलिस अधीक्षक को दिए दो आवेदन
बैतूल।
बैतूल के पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता देवीनाथ लोखंडे ने पुलिस अधीक्षक बैतूल को दो अलग-अलग आवेदन देकर साइबर फ्रॉड और फर्जी लिंक भेजकर मोबाइल हैक करने की कोशिश की शिकायत की है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पहले आवेदन में शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके मोबाइल नंबर 9691376058 पर एक संदिग्ध APK लिंक भेजा गया। आरोप है कि यह लिंक मोबाइल हैक करने और निजी जानकारी चोरी करने की मंशा से भेजा गया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने लिंक पर क्लिक नहीं किया, इसलिए कोई नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने आशंका जताई कि यदि कोई व्यक्ति इस तरह के लिंक पर क्लिक कर दे तो उसका मोबाइल, बैंकिंग जानकारी और अन्य निजी डेटा खतरे में पड़ सकता है।
दूसरे आवेदन में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोग फर्जी लिंक शेयर कर उन्हें बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस संबंध में उनसे किसी प्रकार का कोई संपर्क या सत्यापन नहीं किया गया, फिर भी उनके नाम का दुरुपयोग करने की कोशिश की जा रही है।
दोनों आवेदनों में पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की साइबर जांच कर दोषियों के खिलाफ आईटी एक्ट एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता ने कहा कि साइबर अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, इसलिए ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई आवश्यक है ताकि आम नागरिक भी इस तरह की ऑनलाइन ठगी और साइबर फ्रॉड से सुरक्षित रह सकें।





