खबरवाणी
- पाथाखेड़ा में अंतर उपक्षेत्रीय शतरंज, कैरम एवं ब्रिज प्रतियोगिता का भव्य समापन,
छतरपुर उपक्षेत्र बना ओवरऑल विजेता
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। पाथाखेड़ा क्षेत्र में आयोजित अंतर उपक्षेत्रीय शतरंज, कैरम एवं ब्रिज प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। इस दो दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था, जिसमें विभिन्न उपक्षेत्रों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन समारोह क्षेत्रीय महाप्रबंधक जितेन्द्र कुमार गुप्ता के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में क्षेत्र के विभिन्न श्रमसंघों के प्रतिनिधियों सहित अधिकारियों और कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे आयोजन की शोभा और भी बढ़ गई।
प्रतियोगिता में छतरपुर उपक्षेत्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शतरंज, कैरम एवं ब्रिज तीनों विधाओं में विजय हासिल कर ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। वहीं, शतरंज प्रतियोगिता में कामन यूनिट ने उपविजेता स्थान हासिल किया, जबकि कैरम प्रतियोगिता में तवा उपक्षेत्र ने उपविजेता बनकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमसंघ प्रतिनिधियों ने सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना की और पाथाखेड़ा क्षेत्र की टीमों को आगामी प्रतियोगिताओं में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
यह आयोजन न केवल खेल भावना को बढ़ावा देने वाला रहा, बल्कि विभिन्न उपक्षेत्रों के बीच आपसी समन्वय और भाईचारे को भी मजबूत करने में महत्वपूर्ण साबित हुआ।





