देशभर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। एक तरफ दिल्ली, राजस्थान, यूपी और मध्य भारत के कई इलाके भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, वहीं दूसरी तरफ कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने का खतरा मंडरा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 27 मई को करीब 13 राज्यों के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ और मानसूनी गतिविधियों के चलते मौसम तेजी से बदल रहा है।
दिल्ली-NCR में गर्मी से राहत कब?
दिल्ली-NCR में फिलहाल आसमान साफ रहने की संभावना है, लेकिन गर्म हवाएं लोगों को परेशान करती रहेंगी। कई इलाकों में हीटवेव जैसी स्थिति बनी रह सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि 28 मई से मौसम का मिजाज बदल सकता है। हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। 29 मई तक दिल्ली वालों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं।
यूपी-बिहार में गरजेंगे बादल, ओले गिरने का भी खतरा
उत्तर प्रदेश के लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर और गोरखपुर समेत कई जिलों में 28 से 31 मई के बीच बारिश और बिजली चमकने की संभावना है। 29 मई को तेज आंधी और ओलावृष्टि भी हो सकती है। वहीं बिहार के कटिहार, पूर्णिया और पूर्वी चंपारण में भारी बारिश और तेज तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। यहां 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। किसानों और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजस्थान में लू का कहर, फिर आएगा धूल भरा तूफान
राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। जयपुर, बीकानेर, जोधपुर और कोटा संभाग में तापमान लगातार 45 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग ने 28 मई तक भीषण लू का अलर्ट जारी किया है। इसके बाद 28 और 29 मई को धूल भरी आंधी चल सकती है। सौराष्ट्र और कच्छ से सटे इलाकों में भी गर्म हवाओं का असर देखने को मिलेगा।
पहाड़ी राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा में मौसम खराब रहने वाला है। यहां 29 मई तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। वहीं उत्तराखंड के चमोली, रानीखेत और चंपावत में भी तेज बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, पुंछ और रामबन जैसे इलाकों में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
इन राज्यों में भारी बारिश का खतरा
मौसम विभाग के अनुसार यूपी, बिहार, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश और केरल में तेज बारिश हो सकती है। झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी आंधी-पानी और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। दूसरी ओर पंजाब और हरियाणा में गर्मी अभी लोगों को खूब सताएगी। यहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
Read Also :- Tata Electric Cars Discount: टाटा की इलेक्ट्रिक गाड़ियां हुईं सस्ती, ₹2.15 लाख तक का तगड़ा डिस्काउंट





