खबरवाणी
ताप्ती तट से शोभायात्रा निकाली जौलखेड़ा मे होंगी,अमरेश्वर महादेव की स्थापना
मुलताई। क्षेत्र के ग्राम जौलखेड़ा मे स्थित ऐतिहासिक उदासीन आश्रम राधाकृष्ण मठ से शोभायात्रा निकाली गईं, जो ताप्ती तट पहुंची। 16 मार्च से 27 मार्च तक जौलखेड़ा मे धार्मिक आयोजन के अमरेश्वर शिवलिंग की स्थापना की जाएगी। इस दौरान श्री शतचंडी एकादश कुंडात्मक महायज्ञ, श्रीराम कथा, श्री अमरेश्वर (नर्मदेश्वर) शिवलिंग और श्री धूना साहब की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजित होगा। उक्त कार्यक्रम पूज्य गुरुदेव श्री श्री 1008 श्रीमहंत धर्मप्रकाशजी महाराज के सानिध्य और अध्यक्षता में संपन्न होगा।जिसके चलते सोमवार को ग्राम से शोभा यात्रा प्रारम्भ हुई। यात्रा का जगह जगह स्वागत किया गया। यात्रा मे जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, भाजपा नेता नरेंद्र गिरी सहित ग्रामीण बड़ी संख्या मे शामिल हुए।18 मार्च को श्रीमद भागवत गीता का पाठ होगा। वहीं 19 मार्च से श्रीराम कथा का शुभारंभ होगा। यह कथा प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक चलेगी। 21 मार्च से 27 मार्च तक प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 11 बजे तक और दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक हवन अनुष्ठान किया जाएगा। इसी अवधि में श्री गुरु ग्रंथ साहिब का अखंड पाठ, श्री महामृत्युंजय पाठ, मंडल स्थापना, मंडप पूजन तथा अरणि मंथन जैसे धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। 22 मार्च को मां ताप्ती की महाआरती और 23 मार्च को श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ होगा।कार्यक्रम के अंतिम चरण में 27 मार्च को श्री धूना साहब और श्री अमरेश्वर शिवलिंग की स्थापना की जाएगी। इसी दिन संत सम्मेलन, पूर्णाहुति, वसोर्धारा, महाआरती और महाप्रसादी भंडारे का आयोजन होगा। श्री रामनवमी के अवसर पर एक विशाल भंडारा भी रखा गया है। आयोजक समिति ने क्षेत्र के समस्त सनातन धर्म प्रेमी श्रद्धालुओं से इस महायज्ञ, श्रीराम कथा और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में परिवार सहित शामिल होकर धर्म लाभ लेने का अनुरोध किया है।





