खबरवाणी
मजदूरों की एकता रंग लाई: बकाया वेतन भुगतान के आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित होने की संभावना
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। पाथाखेड़ा क्षेत्र की कोयला खदानों में कार्यरत ठेका मजदूरों के बकाया वेतन को लेकर जारी अनिश्चितकालीन आंदोलन अब समाधान की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। शनिवार दोपहर लगभग 12 बजे श्रम अधिकारी आशीष गुप्ता आंदोलन स्थल पर पहुंचे और मजदूरों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इसके बाद प्रबंधन एवं ठेकेदारों के साथ चर्चा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।
बैठक में यह सहमति बनी कि प्रबंधन के नियमानुसार तीन दिनों के भीतर मजदूरों का बकाया वेतन उनके बैंक खातों में जमा कराया जाएगा। इस आश्वासन के बाद मजदूरों ने सोमवार से अनिश्चितकालीन आंदोलन को स्थगित करने का निर्णय लिया है।
श्रम अधिकारी ने ठेकेदारों के साथ विशेष चर्चा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मजदूरों को उनका संपूर्ण वेतन समय पर प्रदान किया जाए तथा भविष्य में किसी भी मजदूर के वेतन में अनावश्यक देरी या बिना कारण कार्य से हटाने जैसी स्थिति उत्पन्न न हो। इसके अतिरिक्त कई वर्षों से लंबित कुछ मजदूरों के सीएमपीएफ (कोल माइंस प्रोविडेंट फंड) की कटी हुई राशि को भी आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर वापस दिलाने की कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया।
इस दौरान श्रमिकों के समर्थन में सामाजिक कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से प्रदीप नागले, मनोज पवार, संतोष देशमुख, बाबूलाल भारती, धर्मेन्द्र चौरे, मनोज ठाकुर,लिखीराम, बलराम देशमुख, मोहन, अजय सहित अन्य समाजसेवी एवं मजदूर प्रतिनिधि मौजूद रहे। मजदूरों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन और प्रबंधन के हस्तक्षेप से उनकी वर्षों पुरानी समस्याओं का स्थायी समाधान निकलेगा।





