खबरवाणी
ट्रेचिंग ग्राउंड में कचरे में लगी आग से फैला जहरीला धुआं, वार्डों के लोग परेशान
क्या बैतूल जैसी ट्रेचिंग ग्राउंड जैसी स्थिति बनेगी
खबरवाणी न्यूज़ -रफीक
सारनी। नगर पालिका द्वारा वार्ड क्रमांक 22 स्थित संजय निकुंज नर्सरी परिसर में बनाए गए ट्रेचिंग ग्राउंड में शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात कचरे में आग लग गई। आग के कारण उठ रहे जहरीले धुएं और उड़ते कचरे से आसपास के वार्डों के लोग परेशान हो रहे हैं। वार्ड 20, 21 और 22 के रहवासियों को आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत की शिकायत हो रही है। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बटेश्वर भारती ने नगर पालिका पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि ट्रेचिंग ग्राउंड शहर के भीतर बनाया गया है, जबकि नियमानुसार इसे आबादी से कम से कम 5 किलोमीटर दूर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यहां रोजाना जमा होने वाले कचरे की छंटाई के लिए लाखों रुपए का टेंडर होने के बावजूद ठेकेदार द्वारा कचरे का पृथकीकरण नहीं किया जा रहा है, बल्कि पन्नी और प्लास्टिक को जलाकर नष्ट किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि करीब 10 से 15 एकड़ क्षेत्र में कचरा और पन्नियां बिखरी पड़ी हैं, जिससे आसपास के वार्डों के लोग लगातार बदबू और प्रदूषण से परेशान हैं। आग लगने की सूचना उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी सी.के. मेश्राम और स्वास्थ्य निरीक्षक के.के. भावसार को दी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने नगर पालिका से ट्रेचिंग ग्राउंड को आबादी से बाहर स्थानांतरित करने, पूरे क्षेत्र की सफाई और कचरे की नियमित छंटाई कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगी।






