Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

मिलावटकरो ….होली से पहले मिलावटखोरों पर प्रशासन का प्रहार: आमला और बोरी खुर्द के रेस्टोरेंट्स पर छापा

By
On:

खबरवाणी

मिलावटकरो ….होली से पहले मिलावटखोरों पर प्रशासन का प्रहार: आमला और बोरी खुर्द के रेस्टोरेंट्स पर छापा

आमला। अनुविभागीय अधिकारी के नेतृत्व में फूड विभाग की बड़ी कार्रवाई; घी, दाल और समोसे के सैंपल लिए, 3 होटलों से घरेलू सिलेंडर जब्त

आमला आगामी होली पर्व को देखते हुए जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज हो गया है। जिला कलेक्टर के निर्देश पर आमला अनुविभागीय अधिकारी शैलेंद्र बडोनिया के नेतृत्व में खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने नगरीय क्षेत्र और ग्राम बोरी खुर्द में ताबड़तोड़ कार्रवाई की। टीम ने होटल, फैमिली रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया, जिससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया।

सैंपल लेकर जांच के लिए भोपाल भेजे

निरीक्षण के दौरान टीम ने नगर के सोनी किराना सहित बोरी खुर्द स्थित राधा रमन रेस्टोरेंट, दीपेंद्र स्वीट्स और पंचशील फैमिली रेस्टोरेंट की जांच की। अधिकारियों ने मौके पर दाल, घी, समोसे, बड़े, नमकीन और जलेबी जैसी खाद्य सामग्रियों के नमूने (सैंपल) लिए। इन सैंपलों को शुद्धता की जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मिलावट पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कमर्शियल की जगह घरेलू सिलेंडर का उपयोग, 3 जब्त

विभागीय अधिकारी द्वारा कार्रवाई के दौरान बोरी खुर्द के होटलों में बड़ी लापरवाही उजागर हुई। राधा रमन रेस्टोरेंट, दीपेंद्र स्वीट्स और पंचशील फैमिली रेस्टोरेंट में कमर्शियल सिलेंडर के स्थान पर अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग किया जा रहा था। टीम ने तीनों ही स्थानों से एक-एक घरेलू सिलेंडर जब्त कर पंचनामा बनाया है।

गंदगी देख भड़के अधिकारी, रजिस्ट्रेशन निरस्त करने की चेतावनी

जांच के दौरान रेस्टोरेंट्स और होटलों के किचन में भारी गंदगी और अव्यवस्था पाई गई। अधिकारियों ने संचालकों को फटकार लगाते हुए परिसर में तत्काल साफ-सफाई के निर्देश दिए। सख्त लहजे में हिदायत दी गई कि यदि नियमों का पालन नहीं किया गया, तो विभाग द्वारा जारी खाद्य रजिस्ट्रेशन निरस्त कर दिया जाएगा।

इनकी रही मुख्य भूमिका

इस कार्रवाई में विभागीय अधिकारी शैलेंद्र बडोनिया के साथ जिला खाद्य एवं औषधि अधिकारी संदीप पाटिल, खाद्य विभाग से शशि भारती, मीना कमरे और पुरुषोत्तम भंडारिया मुख्य रूप से शामिल रहे।

For Feedback - feedback@example.com

Related News

Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News