खबरवाणी
शीतलहर से मवेशियों की मौत पर यूथ कांग्रेस का आरोप, नपा को सौंपा ज्ञापन
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। नगर पालिका क्षेत्र में पड़ रही भीषण शीतलहर के कारण मवेशियों, विशेषकर गायों की लगातार हो रही मौतों को लेकर यूथ कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। यूथ कांग्रेस महासचिव योगेश सन्नी अरोलू एवं ब्लॉक अध्यक्ष गौतम नागले ने कहा कि गाय के नाम पर राजनीति करने वाले दल के लोग इस कड़कड़ाती ठंड में अपने-अपने आशियानों में दुबके हुए हैं। उनके लिए गाय केवल राजनीति का एक मोहरा है, जिसका उपयोग चुनावी लाभ के लिए किया जाता है। चुनाव समाप्त होते ही गायों की वास्तविक स्थिति, उनके चारे-पानी और ठंड से बचाव की कोई चिंता नहीं की जाती।
उन्होंने आरोप लगाया कि गाय को लेकर बड़े-बड़े दावे करने वाले दल का यह रवैया उनके चाल, चरित्र और चेहरे को उजागर करता है।
वहीं कांग्रेस नेता भूषण कांति एवं यूथ कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष हेमंत धोटे ने कहा कि गाय के नाम पर राजनीति करने वाले इस दल ने आज तक न तो कोई आवेदन दिया और न ही ठंड से मवेशियों को बचाने के लिए कोई ठोस प्रयास किया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब नगर पालिका क्षेत्र में गायें ठंड से तड़प-तड़प कर मर रही हैं, तब तथाकथित गौ-रक्षक कहां हैं।
यूथ कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की कि उन स्थानों को चिन्हित किया जाए, जहां मवेशियों के झुंड ठंड से बचने के लिए एकत्र होते हैं, और वहां अलाव की समुचित व्यवस्था की जाए।
इसी क्रम में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका पहुंचकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने वालों में योगेश अरोलू, गौतम नागले, भूषण कांति, हेमंत धोटे, किरण झारबड़े, प्रवीण पाल, तरुण पाल, आकाश खातरकर, राहुल सतनाकर सहित अन्य यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





