Jammu and Kashmir Police ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए कश्मीर से एक आतंकी मददगार को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि रियासी ज़िले का रहने वाला मोहम्मद साजिद जम्मू के बठिंडी इलाके में NEET की तैयारी के बहाने रह रहा था, जबकि वह गुपचुप तरीके से पाकिस्तान बैठे हैंडलर के संपर्क में था और जम्मू में बड़ी वारदात की फिराक में था।
मोबाइल फोन से मिली चौंकाने वाली जानकारियाँ
पुलिस जांच में सबसे बड़ा सबूत साजिद के फोन से मिला। फोन की डिजिटल जांच में पता चला कि वह पाकिस्तान और कुछ अन्य देशों के कई संदिग्ध नंबरों से लगातार संपर्क में था। पुलिस को फोन से धमाके की लोकेशन, चैट और कई अहम डिजिटल क्लू मिले हैं। इसी आधार पर बहू किला थाना में FIR दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
ऑनलाइन रेडिकलाईजेशन की हो रही थी कोशिश
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी को ऑनलाइन कट्टरपंथी विचारधाराओं की ओर धकेला जा रहा था। उसे सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स के जरिए आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के लिए उकसाया जा रहा था। पकड़े जाने पर उसने कई अहम खुलासे भी किए, जिनमें पाकिस्तान स्थित हैंडलरों से निर्देश मिलने की बात भी शामिल है।
जम्मू में था बड़ा धमाका करने का प्लान
पुलिस के मुताबिक आरोपी जम्मू शहर में किसी भीड़भाड़ वाले इलाके में बड़ा बम धमाका करने की साजिश में था। उसके पास से जो डिजिटल डिवाइस, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद हुआ है, वह साफ दर्शाता है कि प्लान काफी आगे बढ़ चुका था। सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की जांच कर रही हैं कि इस साजिश में और कौन-कौन लोग जुड़े हो सकते हैं।
बरामद डिवाइस भेजे गए फॉरेंसिक जांच के लिए
पुलिस ने आरोपी से बरामद सभी डिजिटल सामान—मोबाइल फोन, इंटरनेट डाटा, नोट्स और लोकेशन ट्रैक—को जब्त कर लिया है। ये सभी डिवाइस अब फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए गए हैं, ताकि यह पता चल सके कि आरोपी किन-किन लोगों के संपर्क में था और साजिश की गहराई कितनी थी।





