खबरवाणी
भौंरा में मतदाता सूची अद्यतन अभियान जोर पर,एसडीएम का निरीक्षण, तहसीलदार व मास्टर ट्रेनर भी मौजूद; सर्वे कार्य पारदर्शिता के साथ जारी
भौंरा। नगर में एसआईआर सिस्टमेटिक इलेक्टोरल रोल सर्वे का कार्य इन दिनों पूरे जोर-शोर से जारी है। मतदाता सूची को अद्यतन और अधिक सटीक बनाने के उद्देश्य से वार्डों में नियुक्त बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से गणना प्रपत्र भरवा रहे हैं। बीएलओ निशा उपाध्याय, विनोद सेन, माधुरी बचले, राकेश चौहान, जितेंद्र सांवरिया एवं नीतू बांचौड़िया, अशोक राणे अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर रूप से पहुंचकर मतदाताओं की व्यक्तिगत जानकारी, पहचान संबंधी दस्तावेजों का विवरण और अन्य आवश्यक सूचनाएं संकलित कर रहे हैं। सर्वे टीम लोगों को यह भी समझा रही है कि यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और इसका उद्देश्य भविष्य की मतदान प्रक्रिया को त्रुटिरहित बनाना है, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न छूटे।
गुरुवार को एसआईआर सर्वे की प्रगति का जायजा लेने एसडीएम अनीता पटेल, तहसीलदार टी. विश्क एवं मास्टर ट्रेनर राकेश खातरकर भौंरा पहुंचे।
अधिकारियों ने नगर के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर सर्वे कार्य की स्थिति देखी और बीएलओ के साथ मिलकर स्वयं भी लोगों से गणना प्रपत्र भरवाए। एसडीएम ने निरीक्षण के दौरान बीएलओ को निर्देश दिए कि सर्वे पूर्ण पारदर्शिता और गंभीरता से किया जाए तथा प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मतदाताओं से संवाद करते हुए बताया कि जिन बेटियों का विवाह हो चुका है और वे अब अन्य स्थान पर निवासरत हैं, उन्हें अपने माता-पिता की साल 2003 की मतदाता सूची में दर्ज सरल क्रमांक, भाग संख्या और विधानसभा क्रमांक उपलब्ध कराना आवश्यक होगा। इस संबंध में वार्डों में व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मतदाताओं से आधार नंबर, पहचान पत्र, जन्मतिथि सहित आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी एकत्र की जा रही थी। एसडीएम ने लोगों से अपील की कि वे समय पर गणना प्रपत्र भरें और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं, ताकि सर्वे कार्य सुचारू रूप से पूरा हो सके। उन्होंने कहा कि भौंरा के सभी वार्डों में बीएलओ सक्रियता से काम कर रहे हैं और नगर में सर्वे को लेकर जागरूकता बढ़ी है। अधिकारियों की इस सक्रियता व बीएलओ की मेहनत से सर्वे कार्य में और तेजी आई है तथा लोगों में भरोसा भी मजबूत हुआ है कि आगामी मतदान प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित और सटीक होगी।





