खबरवाणी
न• पा• पीआईसी बैठक में 37 प्रस्तावों को मिली मंजूरी
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। नगर पालिका परिषद सारनी में गुरुवार 5 फरवरी 2026 को प्रेसिडेंट इन काउंसिल (पीआईसी) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में तय एजेंडे के अनुसार कुल 37 बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई, जिन सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना के चतुर्थ चरण के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 1 से 13 तक डामरीकृत सड़कों के मजबूतीकरण कार्य हेतु प्राप्त न्यूनतम दरों को स्वीकृति दी गई। इससे नगर की प्रमुख सड़कों की स्थिति में सुधार होगा और आम नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सकेगी।
बैठक में मठारदेव मंदिर मेला परिसर में निर्मित मंगल भवन की आंतरिक सज्जा के कार्य को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए प्राप्त दरों पर चर्चा कर पीआईसी सदस्यों ने स्वीकृति प्रदान की तथा सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने के निर्देश दिए गए।
कर्मचारियों के हित में भी अहम निर्णय लिए गए। 10 से 20 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले कर्मचारियों को समयमान वेतनमान का लाभ देने पर चर्चा हुई। वहीं दैनिक वेतन भोगियों को बढ़ी हुई दरों के अनुसार 1 अक्टूबर 2025 से भुगतान करने का निर्णय लिया गया। बैठक में हैंडपंप सुधार, मोटर मरम्मत, मुद्रण, स्टेशनरी सहित अन्य कार्यों की वार्षिक दरें आमंत्रित करने पर भी सहमति बनी।





