खबरवाणी
नीट पेपर लीक के विरोध में युवाओं का प्रदर्शन,
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। नीट परीक्षा पेपर लीक का मामला अब बड़े शहरों से निकलकर छोटे क्षेत्रों तक पहुंच गया है। इसका उदाहरण सारनी क्षेत्र के बागडोना कॉलेज गेट पर देखने को मिला, जहां स्थानीय युवाओं और बच्चों ने विरोध प्रदर्शन कर अपनी आवाज बुलंद की।
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन और लाठीचार्ज की घटनाओं से प्रेरित होकर सारनी क्षेत्र के कुछ छात्र भी विरोध के लिए आगे आए। प्रारंभ में कुछ बच्चों ने थाना पहुंचकर धरने की अनुमति लेने का प्रयास किया और सीमित संख्या में धरना देने की बात कही।
इसी बीच सामाजिक कार्यकर्ता वर्षा पवार को जब इस पहल की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर युवाओं का साथ दिया। लगातार हो रही बारिश के बावजूद वर्षा पवार बच्चों के साथ बागडोना कॉलेज गेट पर धरने में बैठीं और नीट पेपर लीक के खिलाफ आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई बच्चों के भविष्य की है और इसे मजबूती से उठाना जरूरी है।
धरना स्थल पर ललित यादव, प्रकाश मालवी, रोहन भारती, रोहन रघुवंशी, सिद्धार्थ डेहरिया, राशिद खान, प्रतीक जवारे, श्याम, अंश, यश राजपूत, ऋषभ मालवी और मयंक रॉय सहित अन्य युवाओं ने पहुंचकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया। मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन एवं फायर ब्रिगेड ने तत्परता दिखाते हुए पानी की बौछार से आग बुझाई।
हालांकि, इस दौरान भीड़ अपेक्षाकृत कम रही, जिससे यह भी देखने को मिला कि इतनी गंभीर राष्ट्रीय मुद्दे पर आम जनता की भागीदारी सीमित रही।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे नीट पेपर लीक के खिलाफ लगातार आवाज उठाते रहेंगे, ताकि भविष्य में छात्रों के साथ इस प्रकार की घटनाएं न हों और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।






