खबरवाणी
ट्रेन मे चढ़ने के दौरान युवक का पैर कटा, हालत गंभीर
मुलताई। नगर के रेलवे स्टेशन पर रविवार की दोपहर करीब 2.30 बजे मेमो ट्रेन मे चढ़ने के दौरान पैर फिसलने से युवक का पैर कट गया। जिससे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।परिजन युवक को उपचार के लिए नागपुर ले गए है। बताया जाता है मुलताई निवासी मनीष महतकर 30 साल पिता हरि प्रसाद महतकर अपनी मां को मेमो ट्रेन से नागपुर भेजने स्टेशन पहुंचे थे। मनीष ने पहले अपनी मां को सुरक्षित ट्रेन मे बैठाया और फिर बाकी सामान लेने के लिए नीचे उतर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब मनीष वापस ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहा था,तभी ट्रेन अचानक चल पड़ी। चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और उसका एक पैर ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया। हादसा इतना भयावह था कि पैर बुरी तरह घिसने के बाद कटकर अलग हो गया। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यात्रियों की चीख-पुकार के बीच रेलवे कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल मनीष को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया, प्राथमिक उपचार के बाद भी हालत गंभीर होने से परिजन घायल मनीष को बेहतर इलाज के लिए नागपुर ले गए है।





