Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

बिम्ट्स महाविद्यालय ऑफ नर्सिंग में विश्व स्तनपान सप्ताह का समापन, संगोष्ठी में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा

By
On:

खबरवाणी

बिम्ट्स महाविद्यालय ऑफ नर्सिंग में विश्व स्तनपान सप्ताह का समापन, संगोष्ठी में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा
बुरहानपुर। प्रो. बृजमोहन मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड टेक्निकल साइंसेस (बिम्ट्स कॉलेज ऑफ नर्सिंग, बुरहानपुर) में विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर 1 से 7 अगस्त तक विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सप्ताहभर चले इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्तनपान के महत्व, मातृ स्वास्थ्य एवं शिशुओं के पोषण को लेकर समाज में जागरूकता फैलाने का प्रभावी प्रयास किया।

विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत शासकीय जिला चिकित्सालय बुरहानपुर में स्तनपान जागरूकता पर रोल प्ले, पोस्टर प्रदर्शन एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इसके साथ ही ग्राम खकनार में भी जनजागरूकता रैली एवं रोल प्ले के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्तनपान के महत्व का संदेश पहुंचाया गया। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों एवं स्टॉफ ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

सप्ताहभर चले कार्यक्रमों के समापन अवसर पर बिम्ट्स कॉलेज ऑफ नर्सिंग में विशेष संगोष्ठी एवं सेमीनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एवं अतिथि बुरहानपुर की प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. योगिनी खत्री रहीं। वहीं आरोग्य नर्सिंग कॉलेज, रूड़की की प्राचार्य श्रीमती नवनीता क्रिस्ट ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभागिता करते हुए विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. योगिनी खत्री, संस्था संचालक श्रीमती राखी मिश्रा एवं अनिल जैन द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए डॉ. योगिनी खत्री ने विद्यार्थियों द्वारा सप्ताहभर आयोजित किए गए लघु नाटिका, रोल प्ले, नृत्य एवं प्रेजेंटेशन की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्तनपान केवल शिशु के पोषण का माध्यम नहीं, बल्कि मां और बच्चे दोनों के बेहतर स्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने स्तनपान से माताओं एवं शिशुओं में होने वाले हार्मोनल प्रभावों तथा इससे मिलने वाले विभिन्न स्वास्थ्य लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

डॉ. खत्री ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली एवं बदलती सामाजिक परिस्थितियों के कारण कई महिलाएं स्तनपान के महत्व से दूर होती जा रही हैं। इसका प्रभाव शिशुओं के पोषण, रोग प्रतिरोधक क्षमता एवं समग्र विकास पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि समाज में स्तनपान को लेकर व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने और माताओं को इसके वैज्ञानिक एवं स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी देने की आवश्यकता है। उन्होंने बिम्ट्स कॉलेज ऑफ नर्सिंग द्वारा विद्यार्थियों के माध्यम से अस्पतालों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में किए जा रहे जनजागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि नर्सिंग विद्यार्थी स्वास्थ्य जागरूकता के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

आरोग्य नर्सिंग कॉलेज, रूड़की की प्राचार्य श्रीमती नवनीता क्रिस्ट ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संगोष्ठी में सहभागिता की। उन्होंने उपस्थित नर्सिंग विद्यार्थियों को स्तनपान से महिलाओं के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों तथा शिशुओं को प्राप्त होने वाले पोषण एवं स्वास्थ्य लाभों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने व्यावसायिक प्रशिक्षण के साथ-साथ समाज में स्वास्थ्य जागरूकता के दूत के रूप में भी कार्य करें।

संस्था संचालक श्रीमती राखी मिश्रा ने कहा कि बिम्ट्स कॉलेज की यह परंपरा रही है कि सामाजिक सरोकार, लोककल्याण एवं स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थी रैली, नुक्कड़ नाटक, रोल प्ले, नृत्य एवं सेमीनार जैसे माध्यमों से ग्रामीण क्षेत्रों और शासकीय चिकित्सालयों में स्वास्थ्य संबंधी संदेश पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने का यह प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जा सकें।

कार्यक्रम में संस्था के प्रशासनिक अधिकारी विशाल गोजरे, प्राचार्य सैय्यद आसिफ अली, प्रभारी शैलेन्द्र उपाध्याय, प्रिन्यु थॉमस, डॉ. जैनुद्दीन अली एवं डॉ. शीतल पाटीदार सहित महाविद्यालय के 250 से अधिक छात्र-छात्राएं एवं स्टॉफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रिया नवग्रहे, मयुर पाटील, भूषण बोरनारे, राजनन्दिनी मौर्य, नेहा विस्पुते, सलोनी सकवार, आकांक्षा तिवारी एवं भावना शेवाडकर सहित अन्य की सहभागिता रही।

विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की सफलता पर महाविद्यालय संचालक राखी मिश्रा, अमित मिश्रा, अनिल जैन एवं प्रियम्वदा मिश्रा ने सभी विद्यार्थियों एवं नर्सिंग स्टॉफ को शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News