खबरवाणी
एक क्लिक की गलती पड़ सकती है भारी, हाट बाजार में पुलिस ने सिखाए साइबर सुरक्षा के गुर
भौंरा में ‘सेफ क्लिक’ अभियान के तहत महिलाओं को किया जागरूक, अनजान लिंक, फर्जी कॉल और ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए उपाय
भौंरा। साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए भौंरा पुलिस चौकी द्वारा शुक्रवार को साप्ताहिक हाट बाजार में “सेफ क्लिक साइबर जागरूकता अभियान” के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों, विशेष रूप से महिलाओं को साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी और जागरूकता पंपलेट वितरित किए।
पुलिस चौकी प्रभारी नीरज खरे ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने महिलाओं को सोशल मीडिया, ऑनलाइन बैंकिंग और मोबाइल एप्लीकेशन के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अभियान के दौरान लोगों को बताया गया कि सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें, किसी भी व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, पिन और पासवर्ड साझा न करें तथा अनजान नंबरों से आने वाली वीडियो कॉल और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। इसके साथ ही ऑनलाइन चैट पर निजी या आपत्तिजनक फोटो-वीडियो साझा नहीं करने और किसी के कहने पर एनीडेस्क, टीम व्यूअर अथवा क्विक सपोर्ट जैसे रिमोट एक्सेस एप डाउनलोड नहीं करने की सलाह दी गई।
पुलिस ने लोगों को ऑनलाइन गिफ्ट, लॉटरी, कस्टम ड्यूटी, कैशबैक, नौकरी, लोन, बीमा और शॉपिंग ऑफर के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से भी सतर्क रहने को कहा। साथ ही यह भी बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति, दुर्घटना, बीमारी या मृत्यु का बहाना बनाकर यदि कोई व्यक्ति तत्काल पैसे मांगता है तो पहले अन्य विश्वसनीय माध्यमों से उसकी पुष्टि अवश्य करें।जागरूकता कार्यक्रम में लोगों को साइबर सुरक्षा के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए। इसमें मजबूत पासवर्ड रखने, समय-समय पर पासवर्ड बदलने, सोशल मीडिया खातों पर टू-स्टेप वेरिफिकेशन चालू रखने, प्रोफाइल की प्राइवेसी सेटिंग का उपयोग करने तथा केवल विश्वसनीय और अधिकृत ई-कॉमर्स वेबसाइट एवं एप का उपयोग करने की सलाह दी गई।
चौकी प्रभारी नीरज खरे ने कहा कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर पीड़ित व्यक्ति को बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए या www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत करनी चाहिए, ताकि समय रहते कार्रवाई कर धोखाधड़ी की राशि को रोका जा सके।





