खबरवाणी
कामथ में पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन,लगा जाम
मुलताई। नगर से सटे ग्राम कामथ में जल समस्या को लेकर ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे छिंदवाड़ा रोड पर ग्राम पंचायत भवन के सामने सोमवार सुबह 11 बजे से जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया जिससे हाईवे पर जाम लग गया। प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही एसडीएम राजीव काहर और मुलताई पुलिस मौके पर पहुंची।ग्रामीणों ने एसडीएम को बताया गांव के कई मोहल्लों में पिछले तीन से चार दिनों से नलों में पीने का पानी नहीं आ रहा है। भीषण गर्मी के बीच उन्हें पेयजल के लिए भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार पंचायत और संबंधित अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है।ग्रामीणों ने बताया गांव में नया बोर पर भरपूर पानी लगा है लेकिन सरपंच द्वारा आधे ग्राम में जल प्रदाय नही कराया जा रहा है, टेंकरो से भी पानी नही भेजे जाने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लीकेज पाईप लाइन को
सुधारकर जल प्रदाय किया जाना चाहिए।जिस पर एसडीएम द्वारा सरपंच, सचिव को शाम 4 बजे से टेंकर से जलप्रदाय करने के निर्देश दिए। वहीं ग्रामीणों को समझाइश देकर प्रदर्शन समाप्त करवाया।वहीं पंचायत को सुचारु जलापूर्ति बनाने के निर्देश दिए है।





