खबरवाणी
ग्राम पंचायत सुरगांव के ग्रामीणों ने ग्लोबल पब्लिक स्कूल की जांच की मांग उठाई
बैतूल, 16 जून। ग्राम पंचायत सुरगांव के सरपंच, उपसरपंच, पूर्व सरपंच एवं ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर बैतूल को आवेदन सौंपकर ग्लोबल पब्लिक स्कूल, सुरगांव के संचालन की जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित विद्यालय द्वारा स्कूल आईडी पी.एस. 124454 का उपयोग करते हुए बिना मान्यता प्राप्त किए अभिभावकों को विभिन्न प्रकार के प्रलोभन देकर प्रवेश दिलाए जा रहे हैं तथा विद्यालय का संचालन किया जा रहा है। आवेदन में कहा गया है कि विद्यालय को ग्राम सभा से स्कूल संचालन की अनुमति प्राप्त नहीं है तथा जिस भवन में विद्यालय संचालित हो रहा है, उस भूमि का शैक्षणिक उपयोग हेतु डायवर्जन भी नहीं कराया गया है।
आवेदनकर्ताओं ने यह भी बताया कि विद्यालय शासकीय विद्यालय के अत्यंत समीप संचालित किया जा रहा है, जिससे शासकीय विद्यालय के विद्यार्थियों एवं नामांकन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में भी जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को शिकायतें प्रस्तुत की जा चुकी हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि शिक्षा के क्षेत्र में नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके।





