खबरवाणी
बिम्ट्स महाविद्यालय की अनूठी पहल : विश्व स्तनपान सप्ताह पर जिला चिकित्सालय में जागरूकता अभियान, रोल प्ले से दिया मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य का संदेश
बुरहानपुर। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रो. बृजमोहन मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड टेक्निकल साइंस (बिम्ट्स कॉलेज ऑफ नर्सिंग), बुरहानपुर द्वारा विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर शासकीय जिला चिकित्सालय में व्यापक जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया। महाविद्यालय की इस अनूठी पहल में 150 से अधिक नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रैली, पोस्टर प्रदर्शन एवं प्रभावशाली रोल प्ले के माध्यम से स्तनपान के महत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन सह अधीक्षक जिला चिकित्सालय, आरएमओ डॉ. भूपेंद्र गौड़, कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. शास्त्री (नोडल अधिकारी, टीकाकरण विभाग) तथा अस्पताल प्रबंधक धीरज चौहान के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस अवसर पर एएनसी ओपीडी प्रभारी वंदना श्रीवास्तव, कार्यक्रम समन्वयक एवं पीएमएसएमए कंसल्टेंट सीमा डेविड, नर्सिंग अधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी एवं आशा कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत जागरूकता रैली से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने स्तनपान के महत्व से जुड़े संदेशों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया। इसके पश्चात जिला चिकित्सालय के प्रसूति वार्ड में भर्ती माताओं एवं उनके परिजनों को पोस्टर एवं बैनर के माध्यम से स्तनपान के वैज्ञानिक लाभों की जानकारी दी गई। छात्राओं ने बताया कि जन्म के पहले घंटे में स्तनपान शुरू करना तथा जन्म से छह माह तक केवल माँ का दूध पिलाना नवजात के स्वस्थ विकास, पोषण और रोग प्रतिरोधक क्षमता के लिए अत्यंत आवश्यक है।
अस्पताल परिसर में नर्सिंग विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रोल प्ले कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज में प्रचलित भ्रांतियों को दूर करते हुए स्तनपान के महत्व को सरल एवं प्रेरक ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम को मरीजों, उनके परिजनों तथा उपस्थित नागरिकों ने सराहा।
कार्यक्रम के समापन पर अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए। इस अवसर पर महाविद्यालय के 150 से अधिक नर्सिंग छात्र-छात्राओं के साथ नर्सिंग स्टाफ प्रिन्यु थॉमस, प्रिया नवग्रहे, मयूर पाटील, भूषण बोरनारे, राजनंदिनी मौर्य, नेहा विस्पुते, सलोनी सकवार, आकांक्षा तिवारी एवं भावना शेवाडकर सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत 7 अगस्त को बिम्ट्स महाविद्यालय परिसर में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. योगिनी खत्री की उपस्थिति में “स्तनपान का महत्व” विषय पर विशेष संगोष्ठी का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें विद्यार्थियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम की सफलता पर महाविद्यालय की संचालक राखी मिश्रा, अमित मिश्रा, अनिल जैन एवं प्रियंवदा मिश्रा, प्रशासनिक अधिकारी विशाल गोजरे, प्राचार्य सैय्यद आसिफ अली तथा डॉ. जैनुद्दीन अली ने सभी विद्यार्थियों एवं नर्सिंग स्टाफ को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाजहित एवं जनस्वास्थ्य से जुड़े ऐसे जागरूकता अभियान विद्यार्थियों में सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बिम्ट्स महाविद्यालय भविष्य में भी स्वास्थ्य जागरूकता एवं जनसेवा के ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करता रहेगा।




