खबरवाणी
2 दिन के अंतराल में दो युवकों ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, क्षेत्र में फैली चिंता
खबरवाणी न्यूज़ रफीकसारनी। शोभापुर कॉलोनी के ज़ेरी चौक क्षेत्र में दो दिनों के भीतर दो अलग-अलग युवकों द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की घटनाओं से पूरे इलाके में सनसनी और चिंता का माहौल बन गया है।
पहली घटना में जरी चौक बाजार मोहल्ले निवासी राजेश उर्फ विकास शिवचरण विश्व (उम्र लगभग वर्ष) ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह लंबे समय से घर की आर्थिक तंगी, रोजगार की कमी और मानसिक तनाव से जूझ रहा था। क्षेत्रवासियों के अनुसार राजेश एक मिलनसार और सेवा भाव रखने वाला व्यक्ति था, जिसने कोरोना काल में घर-घर जाकर शरबत, नींबू पानी, चाय, समोसा और अन्य खाद्य सामग्री पहुंचाकर अपनी जीविका चलाया । बाद में उसने इसी काम को अपना व्यवसाय बना लिया था, लेकिन हाल के समय में काम-धंधा कमजोर पड़ने से वह काफी परेशान रहने लगा था।
वहीं दूसरी घटना सोमवार दोपहर करीब 11 बजे की है, जहां जेरी चौक में ही रहने वाले अशोक डेहरिया (उम्र 38 वर्ष), पिता रमेश डहरिया ने भी अपने घर में दुपट्टे के सहारे पाइप में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के समय उसकी पत्नी घर में कपड़े धो रही थी और जैसे ही वह कपड़े सुखाने बाहर निकली, उसने अशोक को फांसी पर लटका देखा। तत्काल उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
परिजनों और आसपास के लोगों के अनुसार, अशोक भी रोजगार की तलाश में गुजरात गया था, जहां वह मजदूरी करता था। कुछ समय पहले ही वह खराब तबीयत के कारण घर लौटा था और मानसिक तनाव में रहने लगा था। उसकी पत्नी कादरी करियर के सामने सिलाई का काम करती है।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने क्षेत्र में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बढ़ती बेरोजगारी, आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव के कारण इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है।





