खबरवाणी
सामुदायिक उपस्वास्थ्य केंद्र भीमपुर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण
रिपोर्टर प्रदीप यादव भीमपुर
भीमपुर। पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली संवर्धन का संदेश जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आज सामुदायिक उपस्वास्थ्य केंद्र, भीमपुर परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं कर्मचारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में सामुदायिक उपस्वास्थ्य केंद्र के विकासखंड अधिकारी पंकज उइके, ANM, CHO, स्वास्थ्य विभाग के समस्त कर्मचारी, MSW छात्रा ज्योति इरपाचे, , विजेश इरपाचे तथा जनपद सदस्य भीमपुर पप्पू काकोड़िया सहित अन्य उपस्थितजनों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। उपस्थितजनों ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित रखने का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य की नींव हैं।
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के माध्यम से मातृशक्ति के सम्मान के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण, हरियाली विस्तार और पर्यावरण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य, स्वच्छ पर्यावरण और सामाजिक सहभागिता को एक साथ जोड़ते हुए समुदाय में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। पौधरोपण के माध्यम से उपस्थित लोगों ने प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।





