खबरवाणी
कॉलेज चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था या चालान अभियान? बीच सड़क गड्ढा, चारों ओर जाम और कार्रवाई जारी
मुख्य पाइपलाइन निर्माण के बीच ट्रैफिक पुलिस की चेकिंग, वाहन चालकों को हुई परेशानी
बैतूल। शहर के सबसे व्यस्तम कॉलेज चौक पर इन दिनों मुख्य पेयजल पाइपलाइन का कार्य प्रगति पर है। सड़क के बीच खुदाई और बड़े गड्ढे के कारण पहले से ही यातायात प्रभावित है। इसी बीच ट्रैफिक पुलिस द्वारा स्कूल बसों, स्कूल ऑटो और दोपहिया वाहन चालकों की जांच एवं चालानी कार्रवाई किए जाने से गुरुवार को चौक पर अव्यवस्था की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार ट्रैफिक पुलिस ने स्कूल बस और स्कूल ऑटो चालकों को यातायात नियमों के पालन के लिए समझाइश दी। साथ ही दोपहिया वाहन चालकों के दस्तावेजों की जांच कर नियम उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्रवाई भी की गई। सड़क सुरक्षा और नियमों के पालन के उद्देश्य से चलाया गया यह अभियान सराहनीय रहा।
हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस समय कार्रवाई चल रही थी, उसी दौरान सड़क के बीच पाइपलाइन निर्माण के कारण बड़ा गड्ढा बना हुआ था और दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही जारी थी। ऐसे में वाहन रोककर चालानी कार्रवाई करने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ और चौक के चारों ओर जाम जैसी स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई वाहन चालकों को संकरी जगह से निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का मानना है कि निर्माण कार्य पूर्ण होने या यातायात को व्यवस्थित करने के बाद इस प्रकार का अभियान अधिक प्रभावी हो सकता था।
शहरवासियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा के लिए नियमों का पालन कराना आवश्यक है, लेकिन व्यस्त चौराहों पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान यातायात प्रबंधन को प्राथमिकता देना भी उतना ही जरूरी है, ताकि जागरूकता अभियान और आमजन की सुविधा—दोनों का संतुलन बना रहे।





