खबरवाणी
दिनांक : 10.01.2026
सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत आमला में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यातायात जागरूकता अभियान
🔹 पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेंद्र जैन के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत यातायात जागरूकता एवं रोड सेफ्टी अभियान के तहत यातायात पुलिस बैतूल, ट्रैफिक वार्डन एवं थाना आमला पुलिस द्वारा व्यापारी संघ आमला, आमला के जनप्रतिनिधिगण तथा नगरपालिका अध्यक्ष एवं सदस्यों के सहयोग से जनपद चौक आमला एवं पुराने थाने के सामने सड़क दुर्घटनाओं से बचाव एवं जन-जागरूकता हेतु नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।
🔹नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों का पालन, राहवीर योजना, सीपीआर (CPR) की प्राथमिक जानकारी, हिट एंड रन मोटरयान दुर्घटना पीड़ित प्रतिकर योजना, शराब पीकर वाहन न चलाने, तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर की जाने वाली वैधानिक कार्यवाही के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
🔹कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता करने पर राहवीर योजना के अंतर्गत शासन द्वारा उचित पुरस्कार राशि प्रदान की जाती है। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली जनहानि, आर्थिक क्षति एवं पारिवारिक पीड़ा के बारे में प्रभावी ढंग से आमजन को अवगत कराया गया।
🔹इसके अतिरिक्त आमला नगर में भ्रमण कर वाहन चालकों को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन न चलाने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, वाहन बीमा एवं पंजीयन, तथा शराब के सेवन के पश्चात वाहन न चलाने के संबंध में समझाइश दी गई, जिससे स्वयं के साथ-साथ परिवार एवं समाज की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
🔹उक्त जागरूकता अभियान में यातायात पुलिस बैतूल, ट्रैफिक वार्डन, नुक्कड़ नाटक में अभिनय करने वाले कलाकारों तथा थाना आमला पुलिस का विशेष सहयोग रहा।
🚨 पुलिस अधीक्षक बैतूल का जागरूकता संदेश
पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेंद्र जैन ने आमजन से अपील की है कि सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का मूल मंत्र है। हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा एवं नशे से दूरी अपनाकर हम स्वयं, अपने परिवार तथा समाज को सुरक्षित रख सकते हैं। दुर्घटना के समय घायल व्यक्ति की सहायता कर आप एक नेक नागरिक की भूमिका निभा सकते हैं तथा शासन की राहवीर योजना का लाभ भी प्राप्त कर सकते हैं।
सड़क सुरक्षित होगी तभी जीवन सुरक्षित रहेगा।
PRO Police Betul





