Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

भैंसदेही में नहीं थम रही चोरी की वारदातें, पूर्व में ज्ञापन के बाद भी पान ठेले में चोरी

By
On:

खबरवाणी

भैंसदेही में नहीं थम रही चोरी की वारदातें, पूर्व में ज्ञापन के बाद भी पान ठेले में चोरी

भैंसदेही। नगर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार रात एक पान ठेले को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। घटना के बाद दुकान संचालक ने थाना भैंसदेही में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत आवेदन में 25 अगस्त 2026 की रात चोरी होने की जानकारी दी गई है। आवेदन के अनुसार दुकान से सामान एवं अन्य सामग्री चोरी हुई है और नुकसान ₹50 हजार से अधिक बताया गया है।

पूर्व में भी दिया जा चुका है ज्ञापन

नगर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर पूर्व में भी पुलिस एवं प्रशासन को ज्ञापन देकर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की जा चुकी है। चोरी का खुलासा करने, रात्रि गश्त बढ़ाने और CCTV कैमरे चालू कराने की मांग भी उठती रही है। इसके बावजूद एक बार फिर चोरी की घटना सामने आने से व्यापारियों में नाराजगी है।

CCTV लगे, लेकिन वारदात के समय बंद

घटना स्थल के आसपास CCTV कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन बताया जा रहा है कि वारदात के समय कैमरे बंद थे। ऐसे में सवाल उठता है कि जब नगर में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं तो सुरक्षा के लिए लगाए गए CCTV कैमरों की निगरानी और संचालन व्यवस्था को गंभीरता से क्यों नहीं लिया जा रहा?

पुलिस की गश्त और कार्रवाई पर सवाल

लगातार चोरी की घटनाओं के बीच अब व्यापारियों और आम नागरिकों की नजर पुलिस की कार्रवाई पर है। लोगों का कहना है कि संवेदनशील क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने के साथ बंद पड़े CCTV कैमरों को तत्काल चालू कराया जाना चाहिए।

पूर्व में ज्ञापन दिए जाने के बावजूद चोरी की वारदात का दोबारा सामने आना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। अब देखना होगा कि इस मामले में पुलिस कितनी जल्दी आरोपियों तक पहुंचती है और चोरी की बढ़ती घटनाओं पर कब अंकुश लगता है।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News