खबरवाणी
ग्राम लोनी में कच्चा रास्ता बना मुसीबत, कीचड़-गड्ढों से ग्रामीण परेशान
बुरहानपुर ग्राम पंचायत लोनी के अंतर्गत गांव के अंदर से गुजरने वाला कच्चा रास्ता इन दिनों ग्रामीणों के लिए भारी परेशानी का कारण बन गया है। लगातार उपेक्षा और रखरखाव के अभाव में यह रास्ता अब चलने लायक भी नहीं बचा है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों का पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया है, वहीं दोपहिया वाहन चालकों को हर समय दुर्घटना का भय बना रहता है।
ग्रामीणों के अनुसार बरसात के चलते कच्चे रास्ते पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिनमें पानी भरने से पूरा मार्ग कीचड़ में तब्दील हो चुका है। कई स्थानों पर पानी इतना जमा है कि रास्ते का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। सुबह-शाम काम पर जाने वाले ग्रामीण, स्कूली बच्चे और बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
दोपहिया वाहन चालकों को हर वक्त दुर्घटना का डर
गांव के युवाओं और कामकाजी लोगों का कहना है कि दोपहिया वाहन से निकलना किसी जोखिम से कम नहीं है। फिसलन के कारण वाहन बार-बार स्लिप हो रहे हैं, जिससे गिरने और चोटिल होने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। रात के समय स्थिति और भी भयावह हो जाती है, क्योंकि पानी से भरे गड्ढे दिखाई नहीं देते।
ग्रामीणों ने बताया कि आपात स्थिति में मरीज को अस्पताल ले जाना भी चुनौतीपूर्ण हो गया है। कई बार वाहन रास्ते में ही फंस जाते हैं, जिससे समय पर उपचार नहीं मिल पाता।
कीचड़ और पानी से बढ़ा मच्छरों का खतरा
रास्ते पर लंबे समय से जमा पानी और कीचड़ के कारण मच्छरों के पनपने का खतरा भी तेजी से बढ़ गया है। ग्रामीणों में मौसमी बीमारियों को लेकर डर बना हुआ है। बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य को लेकर परिवार चिंतित हैं। ग्रामीणों का कहना यदि जल्द ही पानी की निकासी और रास्ते का सुधार नहीं हुआ तो बीमारी फैलने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
पंचायत नहीं दे रही ध्यान
ग्रामीणों ने इस गंभीर समस्या की जानकारी ग्राम पंचायत को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम उठे नहीं तो कच्चे रास्ते की मरम्मत कराई गई और न ही गड्ढों में भरे पानी की निकासी की व्यवस्था हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्यों के दावे तो किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। गांव के अंदर का मुख्य रास्ता बदहाल पड़ा है और जिम्मेदार मौन साधे हुए हैं।
शीघ्र सुधार की मांग
ग्रामीणों ने पंचायत और संबंधित विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द गांव के कच्चे रास्ते को दुरुस्त कराया जाए। गड्ढों को भरने, पानी की निकासी और सड़क निर्माण की आवश्यकता जताई गई है, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
अब देखना यह है कि पंचायत कितना इस गंभीर समस्या पर संज्ञान लेता है और ग्राम लोनी के ग्रामीणों को कब तक इस परेशानी से निजात मिलती है।





