खबरवाणी
नए मीटरों के बाद बढ़े बिजली बिलों की जांच सहित 12 मांगों को लेकर ताप्ती सेवा समिति ने सौंपा ज्ञापन
बुरहानपुर। शहर एवं क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था के आधुनिकीकरण, उपभोक्ताओं को आ रहे बढ़े हुए विद्युत बिलों की जांच, कमजोर विद्युत लाइनों के सुधार तथा पर्याप्त प्रशिक्षित लाइन स्टाफ की उपलब्धता सहित 12 सूत्रीय मांगों को लेकर ताप्ती सेवा समिति, द्वारा मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के अधीक्षण यंत्री, वृत को ज्ञापन सौंपा गया।
समिति ने ज्ञापन के माध्यम से विशेष रूप से नए विद्युत मीटर लगाए जाने के बाद अनेक उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अचानक एवं अत्यधिक वृद्धि होने की शिकायतों को गंभीरता से उठाया। समिति ने मांग की कि ऐसे उपभोक्ताओं के मीटर, रीडिंग, तकनीकी शुद्धता, बिलिंग प्रक्रिया एवं वास्तविक विद्युत खपत की जांच कर असामान्य बिलों में नियमानुसार सुधार किया जाए।
शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पुरानी और कमजोर विद्युत लाइनों को बदलने, कम क्षमता वाले तारों एवं विद्युत नेटवर्क को मजबूत करने, बार-बार फॉल्ट वाले क्षेत्रों में स्थायी समाधान करने तथा मकानों के अत्यधिक करीब से गुजर रही विद्युत लाइनों को सुरक्षित दूरी पर करने की मांग भी की गई।
समिति ने कहा कि बढ़ती आबादी और घरों, दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में बढ़ते विद्युत उपकरणों के उपयोग को देखते हुए विद्युत वितरण व्यवस्था की क्षमता में भी विस्तार आवश्यक है। इसके लिए अतिरिक्त डीपी, ट्रांसफार्मर एवं विद्युत लाइनों की स्थापना तथा विद्युत नेटवर्क के नियमित निरीक्षण एवं रखरखाव की मांग रखी गई।
इसके साथ ही विद्युत खराबियों के दौरान सुधार कार्य में होने वाले विलंब को देखते हुए पर्याप्त संख्या में योग्य एवं प्रशिक्षित लाइन स्टाफ उपलब्ध कराने तथा कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण एवं संसाधन प्रदान करने की मांग की गई। दुर्घटना संभावित विद्युत लाइनों एवं स्थानों का सर्वे कर उन्हें प्राथमिकता से सुरक्षित करने पर भी जोर दिया गया।
ताप्ती सेवा समिति ने कहा कि उपभोक्ताओं से विद्युत शुल्क लेने के साथ उन्हें सही मीटरिंग, वास्तविक खपत पर आधारित पारदर्शी बिलिंग, सुरक्षित विद्युत व्यवस्था और समय पर शिकायत निवारण की सुविधा मिलना आवश्यक है। नए मीटरों के बाद बढ़े हुए बिलों की शिकायतों की निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच जनहित में अत्यंत आवश्यक है।
समिति ने विद्युत विभाग से सभी 12 मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर समयबद्ध एवं ठोस कार्यवाही करने का अनुरोध किया, ताकि विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित, मजबूत, आधुनिक एवं सुचारु बनाया जा सके।इस अवसर पर श्रीमती सरिता भगत संरक्षक राजीव खेड़कर मंसुर सेवक सचिव धर्मेंद्र सोनी प्रेमलता साकले उपाध्यक्ष देवचंद शर्मा विनय विनय पुनीवाला अत्ताउल्लाह खान डॉ यूसुफ खान विवेक हकीम प्रवक्ता सचिन सोनगिरकर राजकुमार बचवानी आदि मौजूद थे





