Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

कार्यालय समय पर नहीं पहुंचे सचिव, पंचायत भवन पर लटका मिला ताला

By
On:

खबरवाणी

कार्यालय समय पर नहीं पहुंचे सचिव, पंचायत भवन पर लटका मिला ताला

उपसरपंच ने नियमित लापरवाही का लगाया आरोप, ग्रामीणों के जरूरी काम हुए प्रभावित

पंचायत भवन पर लगा ताला और शिकायत सौंपते ग्रामीण

बैतूल। जनपद पंचायत भीमपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत चुनालोहमा में पंचायत सचिव की लापरवाही का मामला सामने आया है। कार्यालयीन समय में सचिव के अनुपस्थित रहने से पंचायत भवन पर ताला लटका मिला, जिससे ग्रामीणों के कई जरूरी कार्य प्रभावित हो गए। मामले को लेकर उपसरपंच ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी से शिकायत कर जांच और अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।
उपसरपंच अर्चना राठौर ने शिकायत में बताया कि 21 अप्रैल को पंचायत सचिव नामदेव पाटणकर सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:55 बजे तक कार्यालय में मौजूद नहीं थे। इस दौरान पंचायत भवन पर ताला लगा मिला, जिससे काम कराने पहुंचे ग्रामीणों को बिना काम लौटना पड़ा।
बताया गया कि सचिव की अनुपस्थिति के कारण जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आय और निवास प्रमाण पत्र से जुड़े आवेदन लंबित रह गए। वहीं पेंशन और आवास योजना की जानकारी लेने पहुंचे हितग्राहियों को भी निराश होकर वापस लौटना पड़ा। पंचायत के आवश्यक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर नहीं हो सके, जिससे प्रशासनिक कार्य प्रभावित हुए।
नियमित लापरवाही का आरोप
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि सचिव का यह रवैया नया नहीं है, बल्कि वे अक्सर देर से कार्यालय पहुंचते हैं या अनुपस्थित रहते हैं। इसके कारण ग्रामीणों को बार-बार पंचायत कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिससे उनका समय और मजदूरी दोनों का नुकसान हो रहा है।
जांच कर कार्रवाई की मांग
उपसरपंच ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी से मांग की है कि संबंधित दिनांक की अनुपस्थिति की जांच कराई जाए, उपस्थिति पंजी की जांच की जाए तथा नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए सचिव को निर्धारित समय पर उपस्थित रहने के लिए पाबंद किया जाए।
शिकायत करने वालों में पवन उइके, चेतन, ईश्वर राठौर, सुनील परते सहित अन्य ग्रामीण शामिल हैं, जिन्होंने जनहित में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

For Feedback - feedback@example.com

Related News

Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News