खबरवाणी
नपा अध्यक्ष ने लाइब्रेरी का निरीक्षण कर व्यवस्था बनाने के दिए निर्देश
मुलताई।नगर मे चल रही स्थानीय लाइब्रेरी का बुधवार को नगरपालिका अध्यक्ष,पार्षद सहित सीएमओ ने लाइब्रेरी का निरीक्षण कर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से उनकी समस्या जानी।इस दौरान विद्यार्थियों ने पीने के पानी, कूलर और छात्राओं के लिए अलग शौचालय जैसी कई समस्याएं बताईं। नपाध्यक्ष नीतू परमार ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीरेंद्र तिवारी को दो दिन के भीतर सभी व्यवस्थाएं बनाने का निर्देश दिए। सीएमओ श्री तिवारी ने बताया उक्त निरीक्षण प्रदेश स्तर पर चलाए गए ‘एक घंटा किताबों के नाम’ अभियान के तहत किया किया गया,अभियान के तहत आयुक्त, जेडी, ईई, सीएमओ और एई स्तर के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र की लाइब्रेरी में जाकर अध्ययन का माहौल तैयार करने और सुविधाओं का अवलोकन करने के निर्देश दिए गए। विद्यार्थियों ने बताया कि गर्मी के दिनों में पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। वर्तमान में रखे गए 10 पानी के कैंपर कम पड़ जाते हैं, इसलिए उनकी संख्या बढ़ाकर 15 करने की मांग की गई। विद्यार्थियों ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए कूलर लगाने और पंखों की संख्या बढ़ाने की मांग की। छात्राओं ने लाइब्रेरी में महिलाओं के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था करने की मांग रखी। छात्राओं ने बताया अलग सुविधा न होने से उन्हें काफी परेशानी होती है। अधिकारियों ने लाइब्रेरी परिसर मे पौधरोपण के लिए स्थान चिन्हित कर परिसर को विकसित करने की बात कही।





