खबरवाणी
आमला: एक माह के समर कैंप का हुआ रंगारंग समापन, बच्चों की खेल प्रतिभाओं को मिला नया मंच।
आमला। जिला खेल और युवा कल्याण विभाग एवं पुलिस अधीक्षक बैतूल के मार्गदर्शन में आयोजित एक माह का ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर मंगलवार को रेलवे इंस्टीट्यूट सभागृह में संपन्न हुआ। समापन समारोह में बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था, जहाँ मुख्य अतिथि टीआई मुकेश ठाकुर ने प्रतिभाशाली बच्चों को पुरस्कृत कर उनका मनोबल बढ़ाया।
खेल के साथ रचनात्मकता का संगम
शिविर समन्वयक रामनारायण शुक्ला ने बताया कि एक माह तक चले इस कैंप में 100 से अधिक बच्चों ने हॉकी और खो-खो का गुर सीखा। खेल के साथ-साथ बच्चों ने ‘नशा मुक्ति’ विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और भ्रमण का आनंद लिया। शिविर में शानदार भाषण और कविता प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागी कार्तिक अड़लक को विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
प्रतिभाओं को निखारने का प्रयास: टीआई ठाकुर
मुख्य अतिथि टीआई मुकेश ठाकुर ने कहा कि समर कैंप बच्चों की दबी हुई प्रतिभाओं को बाहर लाने का सबसे बेहतर माध्यम है। यहां मिला प्रशिक्षण उनके भविष्य के खेल करियर में मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्षद ओमवती विश्वकर्मा ने की।
इनका रहा विशेष सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में रेलवे इंस्टीट्यूट के सचिव राकेश चौकीकर, शेख शफी, राजेश कोसे, अनिल सोनी, पवन मिश्रा, यशवंत चढ़ोकार और डॉ. प्रदीप जयंत का विशेष सहयोग रहा। वहीं, प्रशिक्षक हरिभाऊ झरबडे, रोशन पटवारी, सुरेश सागर तथा सामाजिक कार्यकर्ता रजनी झरबडे व क्षमा झा को भी सम्मानित किया गया। मंच संचालन मनोज विश्वकर्मा ने किया और आभार सदाराम झरबडे ने व्यक्त किया।






1 thought on “एक माह के समर कैंप का हुआ रंगारंग समापन, बच्चों की खेल प्रतिभाओं को मिला नया मंच”
Comments are closed.