खबरवाणी
मां ताप्ती का पवित्र जल लेकर सर्रई पहुंची महाकाल ग्रुप की कांवड़ यात्रा, दुनावा में हुआ भव्य स्वागत
दुनावा। सावन के पावन अवसर पर महाकाल ग्रुप सर्रई द्वारा मुलताई से मां ताप्ती का पवित्र जल लेकर सर्रई के लिए भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्त श्रद्धा और उत्साह के साथ शामिल हुए। कांवड़ यात्रा के दुनावा पहुंचने पर श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों ने कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया।
दुनावा में कांवड़ यात्रा के पहुंचने पर पुष्पवर्षा कर कांवड़ियों का स्वागत किया गया। इस दौरान कांवड़ियों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई। श्रद्धालुओं ने कांवड़ियों को स्वल्पाहार कराया और उनकी सेवा कर धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाई।
यात्रा में महाकाल ग्रुप के नरेंद्र आवरपाने, दानाजी गिरहारे, प्रेम इवने, सत्यम गिरहारे, राजू इवने, अरुण खपरीये, गुलाब इवने, संतोष सिंगणदीपे सहित सैकड़ों युवा शामिल हुए। युवाओं में कांवड़ यात्रा को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंजते रहे। कांवड़िए मां ताप्ती का पवित्र जल लेकर भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए सर्रई की ओर रवाना हुए।
महाकाल ग्रुप द्वारा आयोजित इस धार्मिक यात्रा से पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा। दुनावा में हुए भव्य स्वागत से कांवड़ियों में भी उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की।





