खबरवाणी
आमला क्षेत्र में सुबह से ईदुल-अजहा का पर्व पूरी श्रद्धा, उत्साह और आपसी भाईचारे के वातावरण में मनाया गया।
इस अवसर पर रतेड़ा रोड स्थित ईदगाह में मुस्लिम समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में एकत्रित होकर विशेष नमाज अदा की। नमाज की इमामत हाफिज एहसान साहब ने की।
देश की खुशहाली के लिए मांगी दुआएं
नमाज के बाद देश में अमन-चैन, आपसी भाईचारे, तरक्की और खुशहाली के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं। सुबह से ही ईदगाह परिसर में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में ईद को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे के गले लगकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया।
प्रशासन की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था
शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से नमाज संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। थाना प्रभारी अपनी पूरी टीम के साथ ईदगाह परिसर में मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था का लगातार जायजा लेते रहे। प्रशासन की सतर्कता और समाज की आपसी समझदारी से पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।।
राजनीतिक प्रतिनिधियों की अनुपस्थिति रही चर्चा का विषय
इस आयोजन के दौरान आमला क्षेत्र के किसी भी राजनीतिक दल के जनप्रतिनिधि की मौजूदगी नहीं रही, जिसे लेकर मुस्लिम समाज के लोगों में नाराजगी देखी गई। समाज के लोगों का कहना है कि ऐसे धार्मिक और सामाजिक अवसरों पर जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सामाजिक एकता और सौहार्द का संदेश देती है।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर सदर जाहिद पटेल, नायक सदर शेख आबीद, हाजी अब्दुल अजीज, हाजी मोहम्मद यूनुस, हाजी गफ्फार अली, मोहम्मद इकबाल, पीसीडब्ल्यूजे अध्यक्ष मोहम्मद आसिफ लघा, मोहम्मद जावेद सहित समाज के बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।





