Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

दाऊदी बोहरा समाज ने शिक्षाविद् आनंद चौकसे का जन्मदिन मनाकर किया सम्मान

By
On:

खबरवाणी

दाऊदी बोहरा समाज ने शिक्षाविद् आनंद चौकसे का जन्मदिन मनाकर किया सम्मान

 

बुरहानपुर। दाऊदी बोहरा समाज अंजुमन जकवी की ओर से शहर के प्रख्यात शिक्षाविद्, मैक्रो विज़न अकादमी एवं ऑल इज़ वेल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के संस्थापक आनंद चौकसे का जन्मदिवस गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर शहर आमिल शेख हैदर भाई साहब जमाली की सदारत में समाजजनों ने आनंद चौकसे का पुष्पहार पहनाकर, फूलों का गुलदस्ता भेंट कर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया।

 

शहर आमिल शेख हैदर भाई साहब जमाली ने जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आनंद चौकसे ने बुरहानपुर को शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई है। मैक्रो विज़न अकादमी से हर वर्ष बड़ी संख्या में विद्यार्थी आईआईटी-जेईई, नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर देशभर में बुरहानपुर का नाम रोशन कर रहे हैं। वहीं ऑल इज़ वेल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञ चिकित्सकों के माध्यम से क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहा है।

 

दाऊदी बोहरा समाज के कोऑर्डिनेटर तफज्जुल हुसैन मुलायमवाला ने कहा कि पहले गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए लोगों को इंदौर, जलगांव और अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, लेकिन आज ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल के माध्यम से अनेक जटिल बीमारियों का उपचार बुरहानपुर में ही संभव हो रहा है। आधुनिक मशीनों, विशेषज्ञ डॉक्टरों और उन्नत चिकित्सा सुविधाओं के कारण यह अस्पताल मध्य प्रदेश के प्रमुख निजी अस्पतालों में अपनी अलग पहचान बना चुका है। उन्होंने आनंद चौकसे को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।

 

इस अवसर पर आनंद चौकसे ने कहा कि उनका दाऊदी बोहरा समाज से वर्षों पुराना आत्मीय रिश्ता रहा है। उन्होंने कहा, “आज जो कुछ भी मैं हूं, उसमें मेरे साथियों, शुभचिंतकों और समाज के वरिष्ठजनों का सबसे बड़ा योगदान है। मेरे सफर की शुरुआत सैफी गोल्डन जुबली कादरिया कॉलेज के दौर से हुई थी। उस समय जाकी सर और कमरुद्दीन साहब का मुझे भरपूर स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद मिला। उन्हीं की दुआओं और प्रेरणा का परिणाम है कि आज यह कार्य इतना व्यापक स्वरूप ले सका है।

 

युवाओं को संदेश देते हुए आनंद चौकसे ने कहा कि सिर्फ सोचने से कुछ नहीं होता, बल्कि विचारों को कर्म में बदलने से ही सफलता मिलती है। उन्होंने कहा कि दुनिया का कोई भी काम छोटा नहीं होता। मेहनत, लगन और ईमानदारी से किया गया हर कार्य सम्मान और सफलता दिलाता है।

 

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशा अक्सर खाली समय और निष्क्रियता की देन होता है। “जब व्यक्ति निकम्मा बैठता है तो गलत आदतों की ओर आकर्षित होने लगता है। मैंने हमेशा स्वयं को रचनात्मक और सकारात्मक कार्यों में व्यस्त रखा है। जब व्यक्ति सृजनात्मक कार्यों में लगा रहता है तो उसे नशे जैसी बुराइयों की आवश्यकता महसूस नहीं होती।” उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा चलाया जा रहा नशा मुक्ति अभियान समाज के हित में एक सराहनीय और सार्थक पहल है, जिससे युवाओं को नई दिशा मिल रही है।

 

इस अवसर पर दाऊदी बोहरा समाज के कोऑर्डिनेटर तफज्जुल हुसैन मुलायमवाला, शेख अबुल हसन भट्टीवाला, मुल्ला अल्ताफ हुसैन जमाली सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News