खबरवाणी
बुरहानपुर
की मेक्रो विज़न एकेडमी के अनहद आनंद ऑडिटोरियम में रविवार को गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा, उत्साह और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के अनुरूप हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एकेडमी के प्राचार्य श्री जसवीर सिंह परमार एवं सम्माननीय प्रबंधन सदस्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन तथा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर छात्रावास के छात्र-छात्राओं ने गुरु महिमा एवं भारतीय संस्कृति पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। ऑल इज वेल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल और मेक्रो विज़न एकेडमी बुरहानपुर के डायरेक्टर श्री कबीर चोकसे ने अपने जीवन के मार्गदर्शक, आदरणीय गुरुजनों के चरणों में कोटि-कोटि नमन किया और बताया कि आज चिकित्सा और समाज सेवा के क्षेत्र में हम जो भी मील के पत्थर हासिल कर पा रहे हैं, वह सब आप द्वारा दिए गए संस्कारों, अटूट ज्ञान और मार्गदर्शन की ही पूंजी है। ईश्वर से यही प्रार्थना है कि आपका आशीर्वाद और छत्रछाया हमेशा हम पर बनी रहें ताकि हम मानवता की सेवा में सदैव तत्पर रहें। आपके दिखाए मार्ग पर चलना ही मेरे जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य है। कार्यक्रम में गुरु वंदना, संगीतमय प्रस्तुति, नृत्य, नाटकीय अभिनय तथा कला प्रदर्शन ने उपस्थित सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों की प्रतिभा और अनुशासन की सभी ने मुक्त कंठ से सराहना की। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के आर्ट विभाग के रोनी सर, आकाश सर, ऋषि सर एवं ऑर्केस्ट्रा टीम का विशेष योगदान रहा। मंच संचालन का दायित्व विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से अत्यंत प्रभावशाली ढंग से निभाया। इनमें दिव्यांश जैन, राहिल पटेल, अदविक राणे और मनन सुल्या, पंकजा सेंधव, विदुषी राजपूत, कृति आर्य, भव्या डावर, कनिष्क यादव, अदविक सक्सेना, राघव मालवीय, सानिध्य भगत, सौम्या मुजाल्दा, कृष्णव मीना, विभूति डागा, अंशिका यदुवंशी, जैमिनी सिंह, दिव्यांश गुप्ता, अदविका पाटिल, सिद्धि कोचर, रियाल कोलटे, अन्वी तिवारी, मिहिका राठौड़, मनस्वी पाटीदार, अविरल बिलैया, दिव्यांश गुप्ता आदि ने किया। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में प्राचार्य श्री जसवीर सिंह परमार ने गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और संस्कारों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों, प्रबंधन सदस्यों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम को संगठित रूप से पिरोने का काम श्रीमती शीतल पोपली के द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के समस्त प्रबंधन सदस्य, शिक्षकगण एवं आवासीय स्टाफ उपस्थित रहें। गुरु पूर्णिमा का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी एवं अविस्मरणीय रहा।





