खबरवाणी
बैंक से पैसे निकालने वालों की रेकी कर डिक्की तोड़कर उड़ाता था नकदी,आरोपी गिरफ्तार
मुलताई। बेंको से पैसे निकालने वाले लोगो की रेकी कर वाहनो की डिक्की में रखे रुपए उडाने वाले अंतर्राज्यीय चोर को मुलताई पुलिस ने पकड़ने में सफलता हासिल की है। टीआई नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया फरियादी नरेन्द्र पवार, निवासी पोहर ने थाना मुलताई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बीते 3 जून 2026 को उसने यूनियन बैंक, मुलताई से राशि निकाली थी। शेष 37 हजार रुपए नगद एक सफेद प्लास्टिक की थैली में रखकर अपनी बाइक की डिक्की में रख दिए और महाराष्ट्र बैंक चले गया । कुछ समय बाद वापस लौटने पर मोटरसाइकिल की डिक्की का ताला टूटा हुआ मिला तथा उसमे रखे हुए 37 हजार रुपए नकद चोरी हो गए थे। मुलताई पुलिस द्वारा रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की,पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य एवं अन्य महत्वपूर्ण सुरागों का गहन विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान आरोपी विजय पिता आनंदराम नट, उम्र 42 वर्ष, निवासी विजय नगर, काशपारा, रायगढ़ (छत्तीसगढ़) की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।पुलिस द्वारा आरोपी से प्रारंभिक पूछताछ की तो आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बैंकों से नकदी निकालने वाले लोगों की रेकी करता था तथा उनके बैंक से बाहर निकलने के बाद अवसर पाकर वाहन की डिक्की तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस ने आरोपी से 10 हजार रुपए नकद जप्त किए है।
आरोपी अंतर्राज्यीय स्तर का है शातिर चोर
पुलिस द्वारा आरोपी के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड, पूर्व में की गई वारदातों एवं संभावित साथियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। आरोपी द्वारा पूर्व में भी जिला अंबिकापुर (छत्तीसगढ़) एवं अन्य स्थानों पर इस तरह की घटना को अंजाम दिया जा चुका है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दो दिवस का पुलिस रिमांड लिया गया है।वहीं बैतूल जिले एवं आसपास के जिलों के थाना प्रभारियों को सूचित किया गया है कि यदि उनके थाना क्षेत्रों में इस प्रकार की वारदातें लंबित हैं तो वे थाना मुलताई से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते है।उक्त कार्रवाई में मुलताई टीआई नरेन्द्र सिंह परिहार, सउनि मोहनलाल गुप्ता, प्रधान आरक्षक गजराज सिंह, आरक्षक अरविन्द, प्रिंस, गोपाल, सीताराम, संदीप एवं हेमन्त मालवीय की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।





