खबरवाणी
शिक्षक दिवस पर शिक्षकों की पहल, शासकीय स्कूल को भेंट किया कंप्यूटर सेट
शिक्षा संजीवनी अभियान के शुभारंभ पर पदस्थ स्टाफ ने जुटाई 21 हजार रुपए की राशि, डिजिटल शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
भौंरा । शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में जनभागीदारी और विद्यालय विकास की मिसाल पेश करते हुए शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला बटकी डोह में पदस्थ समस्त स्टाफ ने मिलकर विद्यालय को कंप्यूटर सेट भेंट किया। शिक्षा संजीवनी अभियान के शुभारंभ के अवसर पर शिक्षकों एवं विद्यालय के अन्य स्टाफ ने आपसी सहयोग से 21 हजार रुपए की राशि जुटाकर कंप्यूटर सेट विद्यालय को प्रदान किया।
विद्यालय में कंप्यूटर उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ तकनीकी एवं डिजिटल शिक्षा से जुड़ने का अवसर मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए यह पहल विशेष रूप से उपयोगी मानी जा रही है। वर्तमान समय में शिक्षा में तकनीक के बढ़ते महत्व को देखते हुए कंप्यूटर सुविधा विद्यार्थियों के शैक्षणिक ज्ञान को व्यावहारिक और आधुनिक बनाने में सहायक होगी।
यह पहल जन शिक्षा केंद्र बटकीडोह, विकासखंड घोड़ाडोंगरी के अंतर्गत संचालित शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला बटकी डोह में की गई। शिक्षकों द्वारा स्वयं आर्थिक सहयोग कर विद्यालय के लिए कंप्यूटर उपलब्ध कराना शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और विद्यालय के विकास में सहभागिता को दर्शाता है। प्रदेश में चल रहे शिक्षा संजीवनी अभियान का उद्देश्य भी समाज की सहभागिता से शासकीय विद्यालयों की सुविधाओं और शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने पर केंद्रित है। विद्यालय के प्रधान पाठक मिलन चन्द्र विश्वास, प्राथमिक शिक्षक अनिल साहू, अतिथि शिक्षक परितोष सरदार, गोपालकृष्ण बड़ाई, कल्पना मंडल, ज्योति उईके, मोनिका माईजी एवं प्रतीक्षा सिकदार तथा भृत्य रामप्रसाद हलदार इस पहल में सहभागी रहे।
शिक्षक दिवस पर की गई यह पहल केवल विद्यालय को एक कंप्यूटर उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि शिक्षक स्वयं आगे आकर विद्यालय की आवश्यकताओं को पूरा करने में योगदान दे सकते हैं। इससे विद्यार्थियों में तकनीकी शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ने के साथ विद्यालय में डिजिटल संसाधनों के उपयोग का रास्ता भी मजबूत होगा।





