खबरवाणी
सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर में नुक्कड़ नाटक का आयोजन
अशोकनगर। नगर पालिका परिषद अशोकनगर द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस दौरान इंदौर से पधारी ‘नुक्कड़ वाले’ नाट्य टीम द्वारा विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उनके लाभों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आयुष्मान भारत योजना, संबल कार्ड योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में सरल एवं रोचक तरीके से लोगों को बताया गया। कलाकारों ने नाटक और संवाद के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाना और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करना रहा। नुक्कड़ नाटक देखने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे और कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना की।





